CG News :कांग्रेस ने सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन, शिक्षा, छात्रों के प्रमाण पत्र, CCTV और महिला सुरक्षा को लेकर उठाई मांग।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आम जनता की बढ़ती समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। महामंत्री शिवांश दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने 10 अगस्त 2026 को कलेक्टर को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, गृह और महिला सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दे शामिल हैं। कांग्रेस ने मांगों पर त्वरित कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पहला मुद्दा ऊर्जा विभाग – घंटों बिजली कटौती का है। कांग्रेस का आरोप है कि पूरे जिले में बिना किसी सूचना के घंटों बिजली बंद रहती है। बरसात में जगह-जगह पानी भरा है और अंधेरा होने से सांप-बिच्छू का खतरा बढ़ गया है। रात में लाइट जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, घरेलू काम और किसानों की खेती प्रभावित हो रही है।
मांग: अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
दूसरा मुद्दा स्वास्थ्य विभाग – जिला अस्पताल की बदतर स्थिति से जुड़ा है। कांग्रेस ने कहा कि जिला अस्पताल परिसर में चारों तरफ गंदगी फैली है। रात में पूरे अस्पताल को केवल एक डॉक्टर के भरोसे छोड़ दिया जाता है। मरीजों को समय पर इलाज और दवा नहीं मिल पा रही है और छोटी-छोटी बीमारियों में भी मरीजों को सीधे बिलासपुर रेफर किया जा रहा है।
मांग: अस्पताल में साफ-सफाई, पर्याप्त डॉक्टर-स्टाफ और रात में समुचित स्वास्थ्य एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
तीसरा बिंदु कृषि विभाग – किसानों को खाद-बीज की समस्या है। खेती का समय चल रहा है लेकिन किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहे हैं। सहकारी समितियों में खाद की भारी किल्लत बनी हुई है।
मांग: जिले में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
चौथा मुद्दा राजस्व विभाग – तहसील से प्रमाण पत्र जारी करने में विलंब है। स्कूल-कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छात्रों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। समय पर प्रमाण पत्र न बनने से कई छात्रों का प्रवेश रुक रहा है।
मांग: तहसीलदारों को निर्देशित किया जाए कि छात्रों के प्रमाण पत्र आवेदनों को प्राथमिकता से 01 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से निराकृत किया जाए।

पांचवां मुद्दा गृह/पुलिस विभाग – CCTV बंद एवं बिना मॉनिटरिंग से जुड़ा है। जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, चौराहों एवं बाजारों में प्रशासन द्वारा लगाए गए अधिकांश CCTV कैमरे बंद पड़े हैं। उनकी कोई मॉनिटरिंग नहीं हो रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
मांग: सभी CCTV कैमरों को तत्काल चालू करवाकर कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।
छठा और सबसे संवेदनशील मुद्दा महिला सुरक्षा – डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय पेंड्रा के पास शराब दुकान है। जिले के सबसे बड़े महाविद्यालय में छात्राओं की संख्या अधिक है। छात्राएं कॉलेज जाने के लिए दुर्गा चौक बस स्टैंड से पैदल जाती हैं, जिसके रास्ते में शराब दुकान पड़ती है। पहले भी छात्राओं के साथ बीच रास्ते में छेड़खानी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।
मांग: छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय के समीप स्थित शराब दुकान को तत्काल मुख्य मार्ग से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
जिला कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से विनम्र अनुरोध किया है कि उपरोक्त 6 सूत्रीय मांगों पर त्वरित कार्यवाही कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे जिले की जनता को राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय पर समाधान नहीं हुआ तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

Live Cricket Info

