CG Conversion News:- VIDEO: बंद कमरे में चल रही थी चंगाई सभा! हाथों में बाइबिल लिए बैठे थे ग्रामीण, फिर शुरू हो गया बवाल

CG Conversion News:- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के उदयबंद गांव में आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सभा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण बाइबिल के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभा का संचालन करने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांजगीर-चांपा। जिले के उदयबंद गांव में एक मकान के भीतर आयोजित चंगाई सभा को लेकर ग्रामीणों और सभा संचालकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक कमरे के भीतर महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति लोगों से बाइबिल निकालकर सामने रखने और आगे बढ़ने की बात कहता सुनाई दे रहा है। कमरे में मौजूद अधिकांश लोगों के हाथों में बाइबिल दिखाई दे रही है।
वीडियो के अनुसार, कमरे में दरी बिछाकर ग्रामीणों को बैठाया गया था, जबकि दो लोग पलंग पर बैठकर सभा का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को सूचना मिली कि एक घर के भीतर दरवाजा बंद कर बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा किया गया है और वहां धार्मिक सभा चल रही है। इसके बाद कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया।
“किसकी अनुमति से कर रहे हो सभा?”
दरवाजा खुलने के बाद ग्रामीणों ने सभा संचालित कर रहे लोगों से सवाल-जवाब किए। वायरल वीडियो में एक ग्रामीण यह पूछता दिखाई देता है कि आखिर किसकी अनुमति से यहां चंगाई सभा आयोजित की जा रही है। जवाब में संबंधित व्यक्ति कहता है कि गांव के लोगों के बुलावे पर वह यहां आया है और किसी प्रकार की आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है।
नए कानून का भी किया गया जिक्र
मौके पर मौजूद लोगों ने धर्मांतरण से जुड़े नए कानूनी प्रावधानों का भी उल्लेख किया। वीडियो में कुछ लोग सभा संचालक से पूछते दिखाई देते हैं कि क्या उन्हें धर्मांतरण को लेकर बने नए कानून की जानकारी है। इस दौरान सामने खड़ा व्यक्ति सिर हिलाकर जवाब देता नजर आता है।
शिकायत के बाद पुलिस की एंट्री
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभा से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
गांव में बना तनाव का माहौल
चंगाई सभा को लेकर गांव में चर्चा और विवाद का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Live Cricket Info

