CG Crime News:-मछली चोरी का VIDEO बना… फिर लिखी गई हत्या की पटकथा स्कॉर्पियो से रास्ता रोक चौकीदार को बेरहमी से उतारा मौत के घाट हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; भेजे गए जेल

CG Crime News: – बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित खुंटाघाट बांध में चौकीदारी करने वाले तिरिथ राम यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले मछली चोरी करते पकड़े गए आरोपियों ने पुरानी रंजिश निकालने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बिलासपुर। खुंटाघाट बांध में चौकीदार की हत्या का मामला सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि छोटी सी रंजिश के खूनी अंजाम की कहानी बनकर सामने आया है। पुलिस जांच के मुताबिक, बांध में मछली चोरी करते रंगेहाथ पकड़ाए आरोपियों ने पहले अपमान का बदला लेने की ठानी और फिर सुनियोजित तरीके से चौकीदार की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पढ़िए क्या है मामला?
थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने बताया रतनपुर थाना क्षेत्र के मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते ने 12 जुलाई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि वह और तिरिथ राम यादव खुंटाघाट बांध में चौकीदारी का काम करते थे। कुछ दिन पहले ड्यूटी के दौरान उन्होंने नवागांव निवासी कान्हा उर्फ गोलू धीवर और अनिश धीवर को बांध में चोरी-छिपे मछली निकालते हुए पकड़ लिया था। तिरिथ राम ने सबूत के तौर पर अपने मोबाइल से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था।

वीडियो बनाए जाने से नाराज दोनों आरोपियों ने मौके पर ही तिरिथ राम का मोबाइल तोड़ दिया। मामले की शिकायत थाने पहुंची तो गोलू ने मोबाइल बनवाने का खर्च उठाने की बात कहकर समझौता कर लिया। लेकिन समय बीतने के बाद भी उसने मोबाइल की मरम्मत नहीं कराई। जब तिरिथ राम लगातार खर्च देने का दबाव बनाने लगे, तब आरोपी उनसे गहरी रंजिश रखने लगे।
ऐसे बनाई हत्या की योजना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कान्हा उर्फ गोलू और अनिश ने अपने साथी शुभम प्रधान के साथ मिलकर तिरिथ राम और श्याम सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत 11 जुलाई 2026 की रात जब दोनों चौकीदार मोटरसाइकिल से खुंटाघाट बांध की ओर ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन उनकी बाइक के सामने खड़ी कर दी।
अचानक वाहन सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी स्कॉर्पियो से नीचे उतरे और लाठी-डंडों से तिरिथ राम यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तिरिथ राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर घटनास्थल से भाग निकले और बाद में पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
तीनों आरोपी को भेजा जेल
श्याम सिंह की रिपोर्ट के आधार पर रतनपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने कान्हा धीवर उर्फ गोलू, अनिश धीवर उर्फ छोटू और शुभम प्रधान उर्फ शोभू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :-
- कान्हा धीवर उर्फ गोलू, पिता निरंजन धीवर, उम्र 34 वर्ष
- अनिश धीवर उर्फ छोटू, पिता सुखदेव धीवर, उम्र 22 वर्ष
- शुभम प्रधान उर्फ शोभू, पिता रवि प्रधान, उम्र 21 वर्ष
तीनों निवासी ग्राम नवागांव (गिरिजाबंद), थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के रहने वाले हैं।
सवाल जो पीछे छूट गया…
एक मोबाइल टूटने से शुरू हुआ विवाद आखिर हत्या तक कैसे पहुंच गया? यह सवाल अब भी कायम है। यदि पहली शिकायत के बाद समझौते की शर्तों का पालन होता या विवाद का स्थायी समाधान निकल जाता, तो शायद खुंटाघाट बांध का चौकीदार आज ज़िंदा होता। यह घटना बताती है कि छोटी दिखने वाली रंजिश भी समय रहते नहीं सुलझे तो उसका अंत कितना भयावह हो सकता है।

Live Cricket Info


