CG News:-एक्शन में SSP रजनेश सिंह! 14 संवेदनशील गांवों पर नजर, बीट सिस्टम में लापरवाही पर 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच; जनता की भी सुनी फरियाद

CG News:- एसएसपी रजनेश सिंह ने सिर्फ थाने की व्यवस्था नहीं परखी, बल्कि आम लोगों की फरियाद भी सुनी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि हर पीड़ित की शिकायत गंभीरता से ली जाए, कार्रवाई में देरी न हो और उसे उचित न्याय मिले। वहीं 14 संवेदनशील गांवों पर नजर रखने और बीट सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। बीट में लापरवाही सामने आने पर तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर उनकी जगह नए स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि पुलिसिंग और तेज हो और जनता की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।
बिलासपुर। तखतपुर में रविवार को एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिसिंग की नब्ज टटोली। थाने के निरीक्षण में 79 गांवों की व्यवस्था की समीक्षा हुई तो 14 गांव संवेदनशील मिले, जहां अवैध शराब, मारपीट और जमीन विवाद की शिकायतें ज्यादा हैं। SSP ने साफ कर दिया—बीट मजबूत होगी, शिकायत पर तुरंत एक्शन होगा और लापरवाही पर जिम्मेदारी भी तय होगी।
14 संवेदनशील गांवों पर पुलिस की सीधी नजर
एसएसपी ने थाना प्रभारी अवनीश पासवान से बीट व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की जानकारी ली। संवेदनशील 14 गांवों में पुलिस को खास निगरानी रखने, पुराने विवादों और अपराधियों की जानकारी जुटाने तथा विवाद बढ़ने से पहले कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बीट कर्मचारियों को अपने–अपने इलाके के गांव, अपराधी और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने को कहा गया है। यानी पुलिस को सिर्फ घटना के बाद पहुंचने के बजाय घटना से पहले माहौल भांपने पर जोर दिया गया है।
बीट में लापरवाही पड़ी भारी, 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

निरीक्षण के दौरान बीट सिस्टम में लापरवाही का मामला भी सामने आया। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। अब उनकी जगह दूसरे पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि संबंधित इलाकों में बेहतर पुलिसिंग हो और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके।
अवैध शराब पर सख्ती, बार–बार पकड़े गए तो बाउंड ओवर
एसएसपी ने अवैध शराब के खिलाफ कठोर और लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए। बार–बार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने को कहा गया है। बाउंड का उल्लंघन होने पर नियमानुसार राशि जब्त कराने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम बराही परसदाकांपा में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया, जिसमें अवैध शराब जब्त कर महिला आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। एसएसपी ने ऐसी कार्रवाई को लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं को महिला स्व–सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस के साथ जनता की भी सुनी बात
एसएसपी का निरीक्षण सिर्फ पुलिसिंग की समीक्षा तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने थाने पहुंचे आम लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी जानीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

CM हेल्पलाइन की 19 शिकायतों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान CM हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय भी मौजूद रहीं।
अब पुलिस की प्राथमिकता इन 14 संवेदनशील गांवों में बीट सिस्टम को मजबूत करना और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना है। संदेश साफ है—अवैध शराब और अपराधियों पर सख्ती के साथ पुलिसिंग में लापरवाही पर भी जिम्मेदारी तय होगी।
जनता की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग पर फोकस
तखतपुर थाने के निरीक्षण में अपराध नियंत्रण के साथ जनसुनवाई, बीट व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी फोकस रहा। तीन कर्मचारियों की जगह नए पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाद अब चुनौती इन 14 संवेदनशील गांवों में पुलिस की मौजूदगी और आम लोगों तक त्वरित मदद पहुंचाने की है।
Live Cricket Info
