CG News:- गड्ढों ने संगठन महामंत्री की गाड़ी रोकी तो अफसरों की शामत! पवन साय का चढ़ा पारा, अफसर से मंत्री तक घनघनाए फोन; अगले दिन सड़क पर उतरी JCB

CG News:- जिस सड़क पर आम लोग रोज हिचकोले खाते हैं, उसकी हालत का एहसास भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को तब हुआ, जब सीतापुर में उनकी गाड़ी खुद गड्ढे में फंस गई। जशपुर से अंबिकापुर के सफर में सड़क की बदहाली लगातार सामने आती रही। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद नाराजगी जाहिर हुई। NHAI के अधिकारी से बात हुई, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी तक मामला पहुंचा और अगले ही दिन खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया। सवाल अब यह है कि सड़क की मरम्मत गाड़ी फंसने के बाद ही क्यों शुरू होती है?
सरगुजा। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय इन दिनों छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के दौरे पर हैं। बुधवार 19 अगस्त को वे जशपुर से अंबिकापुर के लिए निकले थे। सीतापुर पहुंचते ही उनका सामना उस सड़क से हुआ, जिसे लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं।
सड़क पर जगह–जगह बड़े गड्ढे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एक गड्ढे में फंस गई। जैसे–तैसे वहां से निकले तो लुचकी घाट से खरसिया नाका तक की बदहाल सड़क ने फिर परेशानी बढ़ा दी। आम आदमी जिस परेशानी को रोज झेलता है, उसका अनुभव संगठन महामंत्री को भी इस सफर में हो गया।
सर्किट हाउस में पदाधिकारियों से बोले– जनता का काम कौन करेगा?
अंबिकापुर सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पवन साय के स्वागत के लिए मौजूद थे। लेकिन सड़क की हालत से परेशान साय ने बातचीत के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि “सभी ठेकेदार बन गए हैं, संगठन का काम कौन करेगा, जनता का काम कौन करेगा? जाओ, जेसीबी लेकर सड़क का काम करवाओ।”
उन्होंने यह भी पूछा कि कितने पदाधिकारियों के पास एक्सीवेटर और दूसरी मशीनें हैं। जिनके पास संसाधन थे, उनसे सड़क को तत्काल चलने लायक बनाने में सहयोग करने की बात कही। उनका कहना था कि दो दिन अपने संसाधन और कुछ सामान लगाकर भी लोगों को राहत दी जा सकती है।
अगले दिन मंत्री से भी पूछा– सड़क देखी है?
साय की नाराजगी अगले दिन भी कम नहीं हुई। गुरुवार को मंत्री राजेश अग्रवाल उनसे मिलने पहुंचे तो साय ने अंबिकापुर और सीतापुर की सड़कों को लेकर सीधे सवाल कर दिया।उन्होंने पूछा कि अंबिकापुर की सड़कें देखी हैं या नहीं और सीतापुर की बदहाल सड़क के बारे में पता है या नहीं।
NHAI के अफसर से हुई बात, प्रभारी मंत्री तक पहुंचा मामला
इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालन अभियंता से मोबाइल पर बातचीत कराई गई। अधिकारी ने बारिश के कारण काम शुरू नहीं हो पाने की बात कही। बताया गया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बारिश खत्म होते ही सड़क का नव निर्माण शुरू किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक पवन साय ने जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी से भी अंबिकापुर शहर की खराब सड़कों को लेकर चर्चा की और लंबे समय से काम नहीं होने पर नाराजगी जताई।
गुस्सा दिखा तो सड़क पर पहुंची गिट्टी
पवन साय की नाराजगी का असर गुरुवार को नजर आया। खरसिया चौक से दरिमा मोड़ के बीच सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई। बड़े गड्ढों में गिट्टी डाली गई और एक्सीवेटर से उसे समतल किया गया।
हालांकि, स्थानीय लोगों के लिए यह कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी सड़क के गड्ढों में गिट्टी डालकर मरम्मत की जा चुकी है। लेकिन कुछ दिनों बाद हालात फिर पहले जैसे हो गए।
दो साल से परेशानी झेल रहे लोग
बताया गया कि पिछले करीब दो वर्षों से इस सड़क की हालत खराब है। पवन साय को भी जर्जर सड़क के कारण सीतापुर से दूसरे रास्ते से गुजरना पड़ा। इसके बाद दरिमा मोड़ से खरसिया चौक तक फिर खराब सड़क से सामना हुआ।अब गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार सिर्फ गिट्टी डालकर खानापूर्ति नहीं होगी, बल्कि सड़क का स्थायी समाधान निकलेगा।क्योंकि सड़क पर रोज सफर करने वाले लोगों को एक-दो दिन की राहत नहीं, ऐसी सड़क चाहिए जिस पर बारिश आते ही फिर गड्ढे न उभरें।

Live Cricket Info

