CG News :रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आया युवक,दर्दनाक हादसे में युवक का पैर कटा हालत गंभीर।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन गोरखपुर फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रेल लाइन पार करते समय एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित जेल बिल्डिंग गोरखपुर फाटक के पास हुई। हादसे का शिकार तरईगांव निवासी मंगल सिंह बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगल सिंह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही मालगाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंगल सिंह का एक पैर कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल पेंड्रा भेजा गया।
डॉक्टरों के अनुसार मंगल सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने के हर संभव प्रयास में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही से हुआ या कोई अन्य वजह थी।
रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और फाटक बंद होने पर ट्रैक पार न करें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Live Cricket Info


