CG News:- भूमि अधिग्रहण के विरोध में जमकर बवाल! पुलिस टीम पर बरसे पत्थर, DSP समेत दो दर्जन से ज्यादा जवान घायल, कई जिलों की पुलिस और 400 से ज्यादा जवानों ने संभाला मोर्चा, देखिए VIDEO

CG News:- भूमि अधिग्रहण और कोयला खदान सर्वे के विरोध में ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए। देखते ही देखते पुलिस टीम पर पत्थरों की बरसात शुरू हो गई। डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी, जिनमें महिला जवान भी शामिल हैं, घायल हो गए। कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए, कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी और पूरे मदननगर-धरमपुर इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। हालात संभालने के लिए 5 जिलों की पुलिस और 400 से ज्यादा जवानों को मैदान में उतरना पड़ा, जबकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सूरजपुर। शुक्रवार की सुबह सूरजपुर के प्रतापपुर क्षेत्र का मदननगर-धरमपुर इलाका अचानक तनाव का केंद्र बन गया। भूमि अधिग्रहण और सर्वे के लिए पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। विरोध कुछ ही देर में इतना उग्र हो गया कि पुलिस टीम पर चारों ओर से पथराव शुरू हो गया। हालात ऐसे बने कि डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई घायल जवानों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रशासन की टीम क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया और प्रस्तावित कोयला खदान परियोजना से जुड़े सर्वे के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में वांछित पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कर रही थी। दूसरी ओर, ग्रामीण लंबे समय से भूमि अधिग्रहण और खदान परियोजना का विरोध कर रहे थे। जैसे ही कार्रवाई आगे बढ़ी, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।

उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर जमकर पथराव किया। इस दौरान पुलिस की पांच बसों समेत कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को अपनी कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। हालात को नियंत्रित करने के लिए 5 जिलों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया है।400 से अधिक पुलिसकर्मी पूरे इलाके में तैनात किए गए हैं और मदननगर-धरमपुर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि भूमि अधिग्रहण और सर्वे को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ है। शुक्रवार को यही विवाद हिंसक टकराव में बदल गया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस मामले की जांच के साथ घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Live Cricket Info

