CG Politics News:- सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट से मचा हड़कंप! एल्डरमैन नियुक्ति में पैसों का खेल? वायरल चैट में भाजपा अध्यक्ष को ढाई लाख रुपये देने का दावा. भाजपा पार्टी में मचा बवाल

CG Politics News:-एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर वायरल व्हाट्सएप पोस्ट ने सियासी हलचल मचा दी। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शरद चंद शर्मा के नाम से वायरल संदेश में भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े पर ₹2.50 लाख लेने का दावा किया गया। कुछ ही देर बाद दूसरा संदेश जारी कर पोस्ट को फर्जी बताते हुए व्हाट्सएप आईडी हैक होने का दावा किया गया और खेद भी जताया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया। वहीं जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि इस मामले में अब तक पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वायरल पोस्ट, खंडन और शिकायत नहीं होने के कारण मामला फिलहाल राजनीतिक चर्चा और सोशल मीडिया तक ही सीमित है।
जांजगीर-चांपा। जिले की राजनीति में गुरुवार को उस समय सियासी भूचाल आ गया, जब “पामगढ़ मित्रमंडली” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। वायरल संदेश में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शरद चंद शर्मा के नाम से दावा किया गया कि नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव के माध्यम से एल्डरमैन नियुक्ति के लिए ₹2 लाख 50 हजार भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े को दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम एल्डरमैन की सूची में शामिल नहीं किया गया।
‘पैसे दिए… नाम नहीं आया, अब राशि लौटाइए’

वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि एल्डरमैन की सूची में नाम नहीं आने के बाद संबंधित राशि वापस मांगी गई, लेकिन कई दिनों से लगातार संपर्क करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं किया गया। हर बार “आज-कल” कहकर बात टालने का आरोप भी लगाया गया। पोस्ट में कथित तौर पर मांग की गई कि ₹2.50 लाख तत्काल लौटाए जाएं या लिखित रूप से बताया जाए कि राशि कब तक वापस की जाएगी।
कुछ ही देर बाद आया दूसरा फिर चैट, बताया- आईडी हैक हुई थी

मामले ने कुछ ही देर में नया मोड़ ले लिया। उसी व्हाट्सएप ग्रुप में शरद चंद शर्मा के नाम से दूसरा संदेश सामने आया, जिसमें पहले कहा गया कि मोबाइल से गलती से गलत संदेश चला गया। इसके बाद एक अन्य संदेश में दावा किया गया कि 23 जुलाई 2026 को उनकी व्हाट्सएप आईडी हैक कर भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े और नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव के खिलाफ भ्रामक संदेश प्रसारित किया गया, जो पूरी तरह फर्जी और निराधार है। संदेश में इसके लिए खेद भी व्यक्त किया गया और वायरल सामग्री को फेक न्यूज बताया गया।
सवालों के घेरे में ‘हैक’ की थ्योरी
साइबर मामलों की जानकारी रखने वाले कुछ अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी का व्हाट्सएप अकाउंट वास्तव में हैक या तकनीकी रूप से प्रभावित हो जाता है, तो उसे कुछ ही मिनटों में सामान्य होना आसान नहीं होता।
एसपी बोले– अब तक कोई शिकायत नहीं मिली
पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे अहम तथ्य यह है कि जांजगीर–चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले को लेकर अब तक पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यानी वायरल पोस्ट, बाद में किए गए खंडन और आईडी हैक होने के दावों के बावजूद अब तक न तो किसी थाने और न ही साइबर सेल में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोपों को किया खारिज

भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने वायरल पोस्ट को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताते हुए कहा,“व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया संदेश पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। ऐसा कोई मामला नहीं है। शरद चंद शर्मा स्वयं इस पोस्ट का खंडन कर चुके हैं। बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह की भ्रामक पोस्ट प्रसारित करना गलत है। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार और असत्य हैं।”
एल्डरमैन नियुक्ति पर तेज हुई सियासी चर्चा
भले ही वायरल पोस्ट का खंडन हो गया हो, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने जांजगीर-चांपा की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। भाजपा संगठन के भीतर से लेकर राजनीतिक गलियारों तक एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। सोशल मीडिया पर भी वायरल पोस्ट, उसके बाद आए खंडन और शिकायत दर्ज नहीं होने को लेकर लोग अलग-अलग तरह के सवाल उठा रहे हैं।
अब चर्चा एल्डरमैन नियुक्ति से ज्यादा वायरल पोस्ट की
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर नई बहस छिड़ गई है। भाजपा संगठन के भीतर भी तरह–तरह की चर्चाएं हैं। सोसल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर वायरल पोस्ट कैसे आई, फिर उसे गलत क्यों बताया गया और यदि आईडी वास्तव में हैक हुई थी तो पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की गई?

Live Cricket Info


