CG News:- शादी के कुछ महीनों बाद ही उजड़ गया सुहाग, दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने दी जान! पति और जेठानी गिरफ्तार

CG News:- जांजगीर–चांपा के ग्राम जर्वे में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता भारती कश्यप द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने और उपचार के दौरान मौत होने के मामले में पुलिस ने पति कृष्णा कश्यप और जेठानी कविता कश्यप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में दोनों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट करने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।
JanjgirChampa:- जांजगीर–चांपा। दहेज की मांग और लगातार प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि विवाह के कुछ समय बाद से ही महिला को दहेज के नाम पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
दहेज को लेकर दिए जाते थे ताने
पुलिस जांच के अनुसार वर्ष 2025 में भारती कश्यप का विवाह ग्राम जर्वे निवासी कृष्णा कश्यप से हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही पति का व्यवहार बदल गया और वह दहेज में कम सामान लाने की बात कहकर पत्नी को ताने देने लगा। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की घटनाएं भी होती थीं।
जेठानी पर भी प्रताड़ना के आरोप

मृतका ने अपनी परेशानी जेठानी कविता कश्यप को बताई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि उसने भी पीड़िता का साथ देने के बजाय दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया। इससे महिला लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी। परिजनों ने कई बार समझाइश दी, लेकिन हालात नहीं बदले।
मां को फोन कर बताई थी पूरी बात
जांच में पता चला कि 6 जुलाई 2025 की सुबह करीब 6 बजे भारती कश्यप ने अपनी मां को फोन कर मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सही पाए गए आरोप
मर्ग जांच के दौरान मृतका की मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पति कृष्णा कश्यप और जेठानी कविता कश्यप द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

कोतवाली प्रभारी ने कही यह बात
थाना सिटी कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान मृतका के परिजनों के बयानों और अन्य साक्ष्यों में दहेज प्रताड़ना तथा मारपीट की पुष्टि हुई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई ।
गांव से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने ग्राम जर्वे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, एएसआई अरुण कुमार सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, दिलीप सिंह तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की विशेष भूमिका रही।
Live Cricket Info


