AICC के निर्देश पर छात्रों की गूंज संवाद कार्यक्रम, मेडूका कॉलेज में गूंजी छात्रों की आवाज।शिक्षा, रोजगार व पेपर लीक पर खुलकर बोले छात्र। पूर्व शिक्षा मंत्री उमेश पटेल बोले- युवा ही देश का भविष्य।

पूर्व मंत्री उमेश पटेल का केंद्र पर बड़ा हमला: कहा “पेपर लीक माफिया को मिल रहा संरक्षण”
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे पूर्व शिक्षा मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल आज रानी दुर्गावती आयुष कॉलेज मेरुका में “छात्रों की गूंज” संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन और आंदोलनकारी छात्रों की पिटाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दों पर छात्रों ने सरकार को जमकर घेरा। वहीं पत्रकार वार्ता में उमेश पटेल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में पेपर लीक का गोरखधंधा अब एक संगठित माफिया नेटवर्क बन चुका है।
AICC के निर्देश पर पूरे देश में कांग्रेस द्वारा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में GPM जिले के मेडूका स्थित रानी दुर्गावती आयुष कॉलेज में छात्रों से सीधा संवाद किया गया। छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे ज्वलंत मुद्दों को खुलकर रखा। उमेश पटेल ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनकी आवाज को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएगी और उनके हक की लड़ाई में साथ खड़ी है।
जंतर मंतर प्रदर्शन और छात्रों की नाराजगी:
कार्यक्रम में छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन और वहां छात्रों व नेताओं पर हुई लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। छात्रों ने कहा कि अपनी बात रखने पर जिस तरह युवाओं के साथ मारपीट और गिरफ्तारी की गई, उससे पूरे देश का छात्र समुदाय आहत और नाराज है।
छात्रों ने मंच से बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था और हर भर्ती में हो रहे पेपर लीक पर भी अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है। इस पर उमेश पटेल ने कहा कि डरने की जरूरत नहीं है, अपने अधिकारों के लिए लड़ाई जारी रखनी है।
पेपर लीक और राम मंदिर चंदा पर हमला:
पत्रकार वार्ता में उमेश पटेल ने आरोप लगाया कि 2014 के बाद देश में जितने भी पेपर लीक हुए हैं वो महज इत्तेफाक नहीं हैं। इसके पीछे एक बड़ा माफिया नेटवर्क काम कर रहा है जिसे सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है और इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
राम मंदिर निर्माण के नाम पर हुए चंदे के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा, “जब विधानसभा में मंदिर निर्माण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव लाया जा सकता है, तो चंदे के हिसाब-किताब पर चर्चा क्यों नहीं हो सकती? हमने और हमारे कई विधायकों ने भी इस नेक काम के लिए चंदा दिया है। इसलिए जनता के पैसे का हिसाब मांगना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। भाजपा इस मुद्दे पर चर्चा से भाग रही है।”
उमेश पटेल ने ऐलान किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की रणनीति के तहत बहुत जल्द इस अनियमितता और युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक माफिया पर लगाम नहीं लगती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।



Live Cricket Info
