CG Road Accident: खड़े ट्रक में जा घुसी बेकाबू कार, 19 साल के युवक की मौत, ड्राइवर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

CG Road Accident: अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अंबिकापुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर भिट्टीकला के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच स्विफ्ट कार अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भिट्टीकला के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
किसी तरह बाहर निकला चालक, साथी कार में ही फंसा रहा
हादसे के बाद चालक दीपक सोनी बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकल सका। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं कार में सवार तेजपाल (19) वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा खुलवाकर युवक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शाम को घर से निकला था तेजपाल, देर रात लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि अमगसी निवासी तेजपाल मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से लखनपुर जाने की बात कहकर निकला था। वहां उसकी मुलाकात नरकालो निवासी दीपक सोनी से हुई। दोनों बाद में कार से अंबिकापुर गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
तेज बारिश और कम दृश्यता बनी हादसे की वजह!
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दुर्घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। खराब दृश्यता और तेज रफ्तार के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख पाया, जिससे यह जानलेवा टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Live Cricket Info


