CG News:- ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 134 टन अवैध स्क्रैप और 7 वाहन जब्त, कुल 1.15 करोड़ की संपत्ति जप्त; 7 आरोपियों पर केस दर्ज

CG News:- ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 134 टन अवैध स्क्रैप और 7 वाहन जब्त, कुल 1.15 करोड़ की संपत्ति जप्त; 7 आरोपियों पर केस दर्ज
CG News:-चोरी और अवैध स्क्रैप कारोबार पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 134 टन स्क्रैप और 7 वाहन जप्त किए। पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
Raigarh: रायगढ़। जिले में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में लोड करीब 134 टन स्क्रैप जप्त किया है।
इसके अलावा मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे को भी जप्त किया गया। पुलिस के अनुसार जप्त कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये और वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
अवैध कबाड़ कारोबार पर विशेष निगरानी
पुलिस के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ के ठिकानों और संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सूचना संकलन शुरू कराया। इसी दौरान अवैध कबाड़ परिवहन और एक स्थान पर मैग्नीज मेटल डंप किए जाने की सूचना मिली।
घेराबंदी कर पकड़े गए ट्रक और माजदा
सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को रोका गया, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित भारी मात्रा में स्क्रैप लोड था। पुलिस के मुताबिक इस कबाड़ को स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना थी।
दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई
वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चोरी की संपत्ति होने के संदेह में कबाड़ और वाहनों को जप्त कर लिया गया। इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक तथा धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
मिनी राइस मिल में भी छापा
इसी दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में भी दबिश दी, जहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौजूद मिला। पुलिस को जानकारी थी कि वह ट्रक चालकों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की खरीद करता है।
मौके पर पुलिस को मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) मिलीं। इनकी कुल कीमत 76,560 रुपये आंकी गई। संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर सामग्री को जप्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले ऐसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Live Cricket Info





