CG News: पेट्रोल के लिए भटक रहे लोग, इधर डिब्बों में भर-भरकर बंट रहा था ईंधन! रतनपुर के भारत पेट्रोल पंप पर उठे गंभीर सवाल

CG News: एक तरफ लोग पेट्रोल के लिए पेट्रोल पंपों के चक्कर काट रहे हैं। कहीं सप्लाई नहीं है, कहीं सामान्य पेट्रोल खत्म होने की शिकायत है। लेकिन इसी बीच रतनपुर से जो तस्वीर सामने आई है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि महामाया बाईपास स्थित भारत पेट्रोल पंप पर नियमों को दरकिनार कर डिब्बों में खुलेआम पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। सवाल यह है कि जब आम लोग ईंधन के लिए परेशान हैं, तब यह सुविधा आखिर किसके लिए उपलब्ध है?
रतनपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर के गांधीनगर स्थित भारत पेट्रोल पंप इन दिनों चर्चा के केंद्र में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल संकट के बीच यहां खुले डिब्बों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री की जा रही है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
पेट्रोल की किल्लत के कारण वाहन चालक परेशान हैं। कई लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटक रहे हैं। लेकिन इसी बीच डिब्बों में ईंधन दिए जाने की खबरों ने लोगों के बीच नाराजगी बढ़ा दी है।
0 कलेक्टर के आदेशों का पालन हो रहा या नहीं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की बिक्री को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि आदेश मौजूद हैं तो फिर उनकी पालना कौन सुनिश्चित करेगा?
लोगों का कहना है कि नियम सिर्फ आम लोगों के लिए नहीं होते, बल्कि उनका पालन हर स्तर पर होना चाहिए। यदि कहीं नियमों की अनदेखी हो रही है तो उस पर कार्रवाई भी होनी चाहिए।
0 सुरक्षा से भी जुड़ा है बड़ा सवाल
पेट्रोल और डीजल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ हैं। ऐसे में खुले डिब्बों या असुरक्षित पात्रों में उनकी बिक्री को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस तरह की व्यवस्था जारी रही तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
यही वजह है कि अब लोग सिर्फ ईंधन की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों के पालन पर भी सवाल उठा रहे हैं।
0 जांच की मांग तेज
मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पेट्रोल की कमी से आम लोग परेशान हैं, तब डिब्बों में ईंधन की सप्लाई आखिर किस आधार पर और किसकी अनुमति से की जा रही है? इस सवाल का जवाब अब प्रशासनिक जांच ही दे पाएगी।
Live Cricket Info


