Pendra News: जैन साध्वी की मौत से पेंड्रा में गुस्सा, जैन समाज ने निकाला मौन जुलूस; कलेक्टर-SP को सौंपा ज्ञापन

Pendra News: रीवा क्षेत्र में जैन साध्वी की संदिग्ध सड़क हादसे में मौत के बाद देशभर में जैन समाज में नाराजगी है। इसी विरोध के तहत पेंड्रा में जैन समाज के लोगों ने मौन जुलूस निकालकर प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई। समाज के लोगों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्टर- बिपत सारथी
Pendra पेंड्रा। देशव्यापी आह्वान पर पेंड्रा में जैन समाज के लोग एकजुट होकर सड़क पर उतरे। शांतिपूर्ण तरीके से निकाले गए मौन जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष सदस्य और पदाधिकारी शामिल हुए।
जैन समाज का कहना है कि साध्वी की मौत सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। समाज ने आरोप लगाया कि यह घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन
मौन जुलूस के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जैन साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई।
समाज के लोगों ने मांग की कि पैदल विहार करने वाले जैन साधु-संतों को विशेष सुरक्षा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
“दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई”
जैन समाज के अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों, महिला-पुरुष सदस्यों और अन्य समाज के लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
समाज के अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना से पूरा जैन समाज आहत है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि साधु-संतों की सुरक्षा के लिए सरकार को स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।
शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराया विरोध
पूरे प्रदर्शन के दौरान जैन समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी। मौन जुलूस के दौरान लोगों ने न्याय की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की।
Live Cricket Info



