CG Crime News: VIDEO देखकर कांप जाएगी रूह! बहन को बचाने पहुंचा भाई तो बदमाशों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

CG Crime News: उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दवा लेने निकली एक युवती को कुछ बदमाशों ने बीच सड़क पर रोक लिया। युवती के साथ अभद्रता की गई और जब उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीट दिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरगुजा। अंबिकापुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित केदारपुर इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ दवा लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने युवती को जबरन खींचने का प्रयास किया और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। अचानक हुई इस घटना से युवती घबरा गई, जबकि उसका भाई बीच-बचाव के लिए आगे आया।
विरोध करने पर भाई को बना लिया निशाना
बहन के साथ हो रही बदसलूकी का भाई ने विरोध किया तो आरोपी आगबबूला हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने युवक पर हमला कर दिया और उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट के दौरान युवक को गंभीर चोटें आईं। वहीं बहन लगातार हाथ जोड़कर अपने भाई को छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी।
CCTV फुटेज ने खोली पूरी करतूत
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। कैमरे में आरोपियों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पांच आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं लोगों का कहना है कि शहर के बीच सड़क पर हुई इस वारदात ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Live Cricket Info



