CG News: बिलासपुर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा अभियान, अब हर शनिवार स्कूलों में लगेगी ‘यातायात की पाठशाला’

बिलासपुर – सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और स्कूली बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले के शासकीय, अर्धशासकीय और निजी विद्यालयों के 350 से अधिक प्राचार्यों एवं स्कूल प्रबंधकों की विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने सुप्रीम कोर्ट की 18 बिंदुओं वाली गाइडलाइन का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल बसों की सुरक्षा, विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन, स्कूल परिसर में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने पर विशेष जोर दिया।
हर स्कूल में लगेगा सड़क सुरक्षा संदेश पटल
स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि विद्यालय परिसर में प्रमुख स्थानों पर सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, दुर्घटनाओं के कारण, दंड एवं जुर्माने की जानकारी वाले संदेश पटल लगाए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में जागरूकता बढ़े।
मोबाइल के दुरुपयोग और नशे पर भी सख्ती
बैठक में नाबालिग छात्रों द्वारा मोबाइल एवं डिजिटल उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के साथ-साथ स्कूल के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के तहत तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
‘यातायात दिग्दर्शिका’ का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा तैयार ‘यातायात दिग्दर्शिका’ पुस्तक का विमोचन किया गया। इसके माध्यम से अब जिले के सभी स्कूलों में प्रत्येक शनिवार “यातायात की पाठशाला” आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी गगन कुमार, सीएसपी निमितेश सिंह, डीएसपी शिव चरण परिहार, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित जिले के 350 से अधिक स्कूलों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।

Live Cricket Info



