CG Crime News:- आगे-आगे बाइक, पीछे गांजे से भरी कार… पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे 4 तस्कर, 13 लाख का माल जब्त

CG Crime News:- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गांजा तस्करों का अनोखा नेटवर्क सामने आया है। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बाइक सवारों को कार की पायलटिंग में लगाया था, लेकिन बिर्रा पुलिस ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया। घेराबंदी कर बाइक सवारों और कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये का गांजा, कार और मोटरसाइकिल जब्त कर लिया गया।
जांजगीर–चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिर्रा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई एक कार और पायलटिंग कर रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पढ़िए कैसे खुली तस्करों की चालाकी
बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की तरफ एक कार आ रही है, जिसकी सुरक्षा और रास्ता साफ कराने के लिए आगे–आगे मोटरसाइकिल सवार पायलटिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर बाइक और कार दोनों को रोक लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग–अलग पैकेटों में रखा 26.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- विजय बघेल, पिता शिवशंकर बघेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर।
- उत्तम चंद्रा, पिता यादराम चंद्रा, उम्र 41 वर्ष, निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर।
- भूरीबाई बघेल, पति ऋषि कुमार बघेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती।
- सव्या शर्मा, पति पद्मलोचन शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद।

Live Cricket Info
