CG News:- एसएसपी राजेश अग्रवाल ने किया रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण, परेड की सलामी ली, उत्कृष्ट जवानों को किया सम्मानित

CG News:- सरगुजा के एसएसपी राजेश अग्रवाल ने रक्षित केंद्र अंबिकापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट एवं स्कॉट ड्रिल का निरीक्षण किया, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और विभिन्न शाखाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अंबिकापुर। सरगुजा के एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड की सलामी से हुई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की तथा टोलीवार मार्च पास्ट और स्कॉट ड्रिल कराई। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वाहन शाखा का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय वाहनों की वर्तमान स्थिति, रखरखाव, लॉग बुक और अन्य दस्तावेजों का अवलोकन किया। साथ ही बीपी वाहन, जैमर वाहन सहित अन्य सभी वाहनों को बेहतर स्थिति में रखने तथा रिकॉर्ड अद्यतन बनाए रखने के निर्देश रक्षित निरीक्षक और वाहन शाखा प्रभारी को दिए।
इसके बाद आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा और पुलिस यूनिट बैंक का भी निरीक्षण किया गया। स्टोर शाखा में उपलब्ध सामग्री के रखरखाव, जवानों को समय पर वितरण तथा आवश्यक उपकरणों की नियमित मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आर्म्स शाखा में हथियारों की सुरक्षा, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस यूनिट बैंक के माध्यम से जवानों के कल्याण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी राजेश अग्रवाल ने अधिकारी एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और गुजारिशें सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और ऐसा कार्य करने की सीख दी, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
इस दौरान पुलिस मुख्यालय से जिले को आबंटित नए शासकीय वाहन का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया गया। एसएसपी ने वाहन के बेहतर रखरखाव और जिम्मेदारी के साथ उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) राकेश बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा, रीडर अमित पाण्डेय सहित लगभग 160 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Live Cricket Info

