CG News:- आधी रात घर में मौत बनकर घुसा तेंदुआ… सो रहे युवक पर किया हमला, सुबह तक घर में बैठा रहा खूंखार जानवर, देखिए VIDEO …

CG News:- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी विकासखंड से लगे ग्राम कर्राघाटी में शनिवार तड़के एक खौफनाक घटना सामने आई। रात करीब 2 बजे एक तेंदुआ अचानक घर के अंदर घुस गया और सो रहे युवक पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
धमतरी । नगरी ग्राम कर्राघाटी निवासी धरम नेताम (33 वर्ष), पिता बहादुर नेताम अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान घर में घुसे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायल धरम नेताम को इलाज के लिए सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
एक नहीं, पहले भी हो चुका है हमला
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में तेंदुए की दहशत पहले से बनी हुई है। इससे पहले भी तेंदुए ने गांव के ही गांधी नेताम पर हमला किया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग वन विभाग से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
8 घंटे तक घर में रहा तेंदुआ, वन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुबह करीब 10 बजे तक तेंदुआ घर के अंदर ही मौजूद रहा, जिससे गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। वन विभाग की टीम ने सावधानी बरतते हुए तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।

Live Cricket Info



