CG News:- आधी रात घर में घुसा 16 हाथियों का झुंड, 70 साल के बुजुर्ग को सूंड से उठाकर पटका फिर कुचला; मौके पर मौत

CG News:- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जंगल से निकलकर बस्ती में पहुंचे हाथियों के दल ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। बगीचा वन परिक्षेत्र के घुघरी कदमटोली गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात 16 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर बस्ती तक पहुंच गया। धान और चावल की तलाश में हाथियों ने जंगल के किनारे बने 70 वर्षीय मार्शल एक्का के कच्चे मकान को तहस-नहस कर दिया। घर में सो रहे बुजुर्ग ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन एक हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैर से कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जशपुरनगर: घुघरी के जंगल में पिछले कुछ दिनों से 16 हाथियों का दल डेरा जमाए हुए है। रविवार-सोमवार की रात हाथियों ने जंगल से निकलकर घुघरी की कदमटोली बस्ती का रुख कर लिया। बस्ती के आखिरी छोर और जंगल से सटे हिस्से में स्थित मार्शल एक्का की झोपड़ी तक हाथी पहुंच गए। बताया गया कि हाथी धान और चावल की तलाश में घर के भीतर घुसे और देखते ही देखते कच्चे मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
भागने की कोशिश भी नहीं बचा सकी जान
हाथियों की हलचल से बुजुर्ग को खतरे का अंदाजा हुआ तो उन्होंने घर से निकलकर भागने की कोशिश की। लेकिन हाथियों के झुंड के बीच फंसे बुजुर्ग को एक हाथी ने सूंड से पकड़ लिया। उसने बुजुर्ग को जमीन पर पटक दिया और इसके बाद पैर से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची वन और राजस्व विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा नियमानुसार मुआवजा राशि दिलाने के लिए प्रकरण तैयार करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
महुआडीह के जंगल में डेरा, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के अनुसार 16 हाथियों का दल फिलहाल महुआडीह के जंगल में मौजूद है। विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को जंगल से दूरी बनाए रखने और हाथियों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने लोगों से खास तौर पर अपील की है कि हाथियों को देखने या उनके साथ सेल्फी और वीडियो बनाने के चक्कर में बिल्कुल नजदीक न जाएं। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की हलचल की लगातार निगरानी की जा रही है और उनकी लोकेशन की जानकारी स्थानीय रहवासियों को देकर समय-समय पर सतर्क किया जा रहा है, ताकि आगे किसी तरह की जनहानि न हो।

Live Cricket Info
