अपराधक्राइमछत्तीसगढ़देश - विदेशमुंगेलीराज्य एवं शहर

CG Crime News:- रात के अंधेरे में सरकारी राशन दुकानों पर धावा, सुबह तक चावल गायब! चोर गिरोह का पर्दाफाश; 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर समेत 10 लाख का माल बरामद

CG Crime News:- सरकारी राशन की दुकानें… जहां गरीबों के हिस्से का अनाज पहुंचता है। लेकिन मुंगेली में इसी अनाज को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। रात में ताले टूटे, चावल और शक्कर गायब हुए और फिर चोरी का माल बिलासपुर में खपाया जाने लगा। पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ चलाकर पूरे खेल का पर्दाफाश किया है। चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और उनकी निशानदेही पर 200 कट्टी यानी करीब 100 क्विंटल चावल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल पिकअप समेत करीब 10 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

तीन सोसायटी में चोरी, तभी पुलिस को मिला गिरोह का सुराग

मुंगेली, 11 अगस्त 2026। चोरी की पहली तस्वीर पथरिया क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी से सामने आई। 5-6 अगस्त की रात सरकारी उचित मूल्य दुकान का ताला टूटा और 76 कट्टी यानी 38 क्विंटल चावल गायब हो गया। इसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

इसके बाद कलारजेवरा की सोसायटी को निशाना बनाया गया। यहां से 25 कट्टी यानी 12.5 क्विंटल चावल, जिसकी कीमत करीब 21,875 रुपये बताई गई, चोरी कर लिया गया।

फिर बारी आई सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा की। यहां से करीब 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर, करीब 90 हजार रुपये का माल, चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई।

तीनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। अब पुलिस के सामने चुनौती थीचोरी करने वाला कौन और माल आखिर जा कहां रहा है?

एसपी के निर्देश पर चला ‘ऑपरेशन बाज’

मुंगेली एसपी भोजराम पटेल ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए सख्त निर्देश दिए।

ASP नवनीत कौर छाबड़ा, ASP प्रशांत शुक्ला, SDOP हरविन्दर सिंह और SDOP आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई।

पुलिस ने पुराने चोरों की गतिविधियां खंगालीं। तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसी दौरान पिकअप वाहन से इलाके में घूम रहे कुछ संदिग्धों के बारे में पुलिस को अहम सूचना मिली।

एक ड्राइवर पकड़ा और खुलने लगी चोरी की पूरी कहानी

10 अगस्त को पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर खिलेश कौशिक को हिरासत में लिया।पुलिस के मुताबिक खिलेश ड्राइवरी करता था और ग्राम बावली निवासी महेन्द्र निषाद का पिकअप CG-28-Q-3669 किराए पर लेकर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी के राजकुमार पात्रे और पिन्टू उर्फ विजय पात्रे से हुई।

पुलिस का दावा है कि दोनों ने आसपास की सरकारी राशन दुकानों को निशाना बनाने की योजना बताई। बदले में पिकअप उपलब्ध कराने के एवज में किराया और चोरी के माल में हिस्सा देने का लालच दिया गया।

रात में पिकअप निकला, एक के बाद एक सोसायटी निशाने पर

पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त की रात आरोपी सरगांव में एकत्र हुए। इसके बाद पिकअप से कलारजेवरा पहुंचे और सोसायटी का ताला तोड़कर चावल चोरी किया।फिर बेलखुरी की सोसायटी के चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़ा गया और वहां से भी चावल पार कर दिया गया।

6 और 7 अगस्त की रात पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार यहां से करीब 45 कट्टी चावल और 15 कट्टी शक्कर चोरी की गई।

  आर्य समाज के नाम का इस्तेमाल कर अवैध रूप से विवाह कराने वाले सस्थानों को हाईकोर्ट का नोटिस

चोरी का माल पहले घुठेली, फिर बिलासपुर

यहां कहानी सिर्फ चोरी तक नहीं रुकी। पुलिस के मुताबिक चोरी के चावल को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदलाबदली की जाती थी, ताकि माल की पहचान मुश्किल हो।

इसके बाद चोरी का चावल बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र के व्यापारियों को बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक बंटी उर्फ रवि पाहूजा और सोनू राणा उर्फ नरेन्द्र के पास चावल बेचा गया और नैतिक नागदेव आयुष साहू की दुकान/गोदाम में माल खाली कराया गया।

पुलिस के अनुसार चोरी के माल की बिक्री से करीब 2.50 लाख रुपये मिले, जिसे आरोपियों ने आपस में बांट लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी पर पुलिस की नजर

पुलिस ने खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के हाथ लगा करीब 10 लाख का सामान

आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने 200 कट्टी चावल यानी करीब 100 क्विंटल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की रकम 24 हजार रुपये, पिकअप CG-28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए।जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

मुंगेली के बाहर भी चोरी का नेटवर्क?

पूछताछ में पुलिस को ऐसे सुराग मिले हैं, जिनसे यह गिरोह सिर्फ मुंगेली तक सीमित नजर नहीं रहा।पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी किया गया था।

सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की बात सामने आई है।

इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से 10 बोरी DAP खाद चोरी करने और ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।

अब पुलिस इन वारदातों में आरोपियों की भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

एसपी की अपीलसंदिग्ध दिखे तो पुलिस को बताएं

मुंगेली एसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचना दें। उन्होंने घर और दुकानों में CCTV कैमरे लगाने की भी अपील की है।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े प्रभारी थाना सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव प्रभारी थाना पथरिया सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और पथरिया थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

अब सवाल सिर्फ तीन राशन दुकानों की चोरी का नहीं है। पुलिस को दूसरे जिलों और थाना क्षेत्रों से मिले सुराग इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि कहीं यह चोरी का नेटवर्क इससे कहीं बड़ा तो नहीं? फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button