CG News:- कमिश्नर बोले- ट्रैफिक जाम का समाधान सिर्फ पुलिस के पास नहीं, अब जनता बताएगी रास्ता;, NIT में शुरू हुआ ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’; 6 थीम पर मांगे आइडिया, 27 सितंबर को होगा फाइनल

CG News:- रायपुर, 17 अगस्त 2026। रायपुर की सड़कों पर रोज जाम, पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या से जूझने वालों के लिए अब समाधान खोजने का मंच तैयार है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने NIT रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर के सहयोग से ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ की शुरुआत की है। NIT रायपुर के हीरा ऑडिटोरियम में हुए शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला IPS ने साफ कहा कि यातायात व्यवस्था किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की साझा जिम्मेदारी है।
पुलिस कमिश्नर बोले– सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति समस्या भी जानता है, समाधान भी दे सकता है
रायपुर, 17 अगस्त 2026। NIT रायपुर के हीरा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला IPS ने ट्रैफिक हैकाथॉन का शुभारंभ किया।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। शहर की सड़क का इस्तेमाल हर व्यक्ति करता है, इसलिए बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी अपने अनुभव के आधार पर लगातार यातायात सुधार के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन जो नागरिक किसी चौराहे या सड़क से रोज गुजरता है, वह वहां की समस्या को सबसे करीब से देखता है। ऐसे लोगों के पास कई बार ऐसा व्यावहारिक समाधान होता है, जो मौजूदा व्यवस्था से ज्यादा प्रभावी साबित हो सकता है।
इसी सोच के साथ हैकाथॉन को सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ट्रैफिक सुधार का मंच बनाया गया है।
सिर्फ आइडिया नहीं, बताना होगा कब और कैसे लागू होगा

पुलिस कमिश्नर ने प्रतिभागियों से कहा कि सुझाव सिर्फ कागज पर अच्छे दिखने वाले नहीं होने चाहिए। उन्हें Short Term, Mid Term और Long Term Solution के रूप में प्रस्तुत किया जाए।पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर उपयोगी सुझावों को लागू करने की कोशिश की जाएगी। वहीं जिन प्रस्तावों के लिए शासन स्तर पर निर्णय या अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होगी, उन्हें शासन के समक्ष भेजकर आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
6 मुद्दे, जिन पर रायपुर खोजेगा नया रास्ता
हैकाथॉन में यातायात से जुड़े छह प्रमुख विषय रखे गए हैं—
- यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
- पार्किंग प्रबंधन
- सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण
- सार्वजनिक परिवहन का एकीकरण
- गैर-मोटर चालित परिवहन—पैदल यात्री एवं साइकिल ट्रैक
- यातायात प्रबंधन में AI/IoT का इस्तेमाल
यानी चौराहे से लेकर पार्किंग और पैदल यात्रियों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक—रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर नए समाधान तलाशे जाएंगे।
कौन ले सकता है हिस्सा? जवाब है– कोई भी

ट्रैफिक हैकाथॉन को Open for All रखा गया है। इसमें छात्र, सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, आर्किटेक्ट, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप, NGO, तकनीकी विशेषज्ञ और रायपुर के जागरूक नागरिक हिस्सा ले सकते हैं।
प्रतिभागी अपनी पसंद की एक या एक से ज्यादा थीम चुन सकते हैं। हालांकि प्रत्येक थीम के लिए अलग पंजीयन और सबमिशन करना होगा।
पुलिस की अपेक्षा है कि प्रतिभागी रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र की वास्तविक समस्या को चिन्हित करें और उसके लिए ऐसा समाधान दें, जिसे जमीन पर लागू किया जा सके।
17 अगस्त से 17 सितंबर तक मौका, फिर शुरू होगी असली परीक्षा
हैकाथॉन के लिए 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन सबमिशन किया जा सकेगा।प्रतिभागियों को निर्धारित Google Form के जरिए अपने आइडिया की प्रस्तुति, फोटो, वीडियो और अन्य जरूरी सामग्री जमा करनी होगी।
इसके बाद चयन तीन चरणों में होगा।
पहला चरण—रजिस्ट्रेशन और सबमिशन

निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर आइडिया जमा करना होगा।
दूसरा चरण—स्क्रीनिंग
विशेषज्ञों की टीम सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगी। प्रत्येक थीम से 5 सर्वश्रेष्ठ आइडिया चुने जाएंगे। इस तरह छहों थीम से कुल 30 प्रतिभागी अगले चरण में पहुंचेंगे।
तीसरा चरण—फाइनल प्रेजेंटेशन
शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के सामने अपने आइडिया की प्रत्यक्ष प्रस्तुति देनी होगी।27 सितंबर 2026 को फाइनल प्रेजेंटेशन होगा। इसके बाद आइडिया की उपयोगिता, व्यवहारिकता, तकनीकी क्षमता, नवाचार और यातायात व्यवस्था पर संभावित प्रभाव के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
हर थीम के विजेता को पुरस्कार और प्रमाण–पत्र
छहों विषयों में चयनित विजेताओं को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से आकर्षक नगद पुरस्कार और प्रमाण–पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
NIT और IEI के विशेषज्ञ भी रहेंगे साथ
इस पूरे अभियान में NIT रायपुर, Institution of Engineers (India), Chhattisgarh State Centre और पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की संयुक्त भूमिका है।
NIT रायपुर की ओर से डॉ. एल.के. यदु, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष सिविल इंजीनियरिंग तथा डॉ. सनी देओल, एसोसिएट प्रोफेसर सिविल इंजीनियरिंग शामिल हैं।
IEI की ओर से पुनीत चौबे, अरविंद रस्तोगी और AYV Chenulu सहित अन्य विशेषज्ञों की सहभागिता है।
विशेष आमंत्रित विशेषज्ञों में विनीत नायर, उमेश चितलांगिया, सौरभ राहतगांवकर, मनीष पिल्लिवार, योगेश शर्मा, डॉ. देबाशीष सान्याल और के.के. पिपरी सहित तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हैं।
पुलिस के बड़े अधिकारी भी रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में DCP ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, DCP वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया IPS, DCP उत्तर दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त DCP ट्रैफिक रामकुमार बर्मन, ADCP पश्चिम राहुल देव शर्मा और ACP ट्रैफिक स्नेहिल साहू मौजूद रहे।
इसके अलावा रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, कमलजीत पाटले और सीमा अहिरवार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
शुभारंभ कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला IPS, विशिष्ट अतिथि प्रो. (डॉ.) एन.वी. रमणा राव, निदेशक NIT रायपुर, तथा विशेष अतिथि डॉ. अमित तुकाराम कांबले IPS, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर और पुनीत चौबे, GM CET/SAIL एवं चेयरमैन IEI छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर मौजूद रहे।
अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
NIT रायपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष एल.के. यदु ने स्वागत भाषण दिया। वहीं DCP ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने हैकाथॉन की पूरी रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।
इसके बाद NIT निदेशक प्रो. (डॉ.) एन.वी. रमणा राव और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रतिभागियों को संबोधित किया और आधिकारिक रूप से ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 का शुभारंभ किया।कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. अमित तुकाराम कांबले IPS ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन दूरदर्शन रायपुर की अनुराधा दुबे ने किया।
पुलिस की अपील- शिकायत से आगे बढ़िए, समाधान का हिस्सा बनिए
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने शहरवासियों, विद्यार्थियों, इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों, अर्बन प्लानरों, आर्किटेक्ट्स, स्टार्टअप्स और जागरूक नागरिकों से हैकाथॉन में भाग लेने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि यह केवल पुरस्कार जीतने की प्रतियोगिता नहीं है। इसका मकसद रायपुर की सड़कों की वास्तविक समस्याओं को समझना और ऐसे समाधान तलाशना है, जिन्हें धरातल पर उतारा जा सके।
Our City | Our Roads | Our Ideas
अब रायपुर की सड़कें सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं—जिस शहर में हम रहते हैं, उसकी सड़क कैसी होनी चाहिए, इसका आइडिया भी शहर के लोगों से ही मांगा जा रहा है।

Live Cricket Info


