CG News: छत्तीसगढ़ की बेटी को मिली भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान, रूपकुमारी चौधरी के नाम से प्रदेश में खुशी की लहर।

CG News:- महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से छत्तीसगढ़ भाजपा में खुशी का माहौल है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय टीम की नई कार्यकारिणी का ऐलान किया, जिसमें रूपकुमारी चौधरी को यह अहम जिम्मेदारी दी गई। नियुक्ति की खबर सामने आते ही प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का पल बताया।
जमीन से शुरू हुआ सफर, अब राष्ट्रीय जिम्मेदारी
रूपकुमारी चौधरी की राजनीति किसी एक पद से शुरू नहीं हुई। उन्होंने जमीनी स्तर से संगठन में काम करते हुए अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2005 से जिला पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के बाद वे महासमुंद जिला भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री भी रहीं।
वर्ष 2013 में बसना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुनी गईं। इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन में संसदीय सचिव की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2024 में महासमुंद लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद पहुंचीं।
अब संगठन ने उनके इसी राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान सौंपी है।
विभा अवस्थी बोलीं- प्रदेश के लिए गर्व का विषय
भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी का संगठन के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। महिलाओं के बीच लगातार काम करने और कार्यकर्ताओं से संवाद का उनका अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के काम आएगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी के नेतृत्व में महिला मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी और देशभर की महिला कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में मदद मिलेगी।
महिला कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
नियुक्ति के बाद प्रदेश और जिला स्तर की महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ की एक महिला नेता को राष्ट्रीय संगठन में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण से जुड़े अभियानों को बूथ स्तर तक ले जाने और महिलाओं की सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने में रूपकुमारी चौधरी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
बूथ से दिल्ली तक पहुंची संगठन की आवाज
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति प्रदेश की उन हजारों महिला कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा है, जो बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी हैं।
प्रदेश महिला मोर्चा ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नया विस्तार मिलेगा।

Live Cricket Info




