CG News:- आबकारी विभाग में नौकरी का झांसा… 2.09 लाख ऐंठे, फिर मोबाइल बंद! पुलिस ने आरोपी को दबोचा
CG News:- आबकारी विभाग में नौकरी का झांसा देकर 2.09 लाख की ठगी, मार्च तक नौकरी का भरोसा देकर थमाया 1 लाख का चेक; नाम सूची में नहीं आया तो आरोपी ने मोबाइल किया बंद, पामगढ़ पुलिस ने राहुल जाटवर को दबोचकर भेजा जेल

जांजगीर-चांपा। नौकरी चाहिए तो संपर्क करो… आबकारी विभाग में नौकरी लगवा दूंगा। कुछ ऐसा ही भरोसा दिलाकर एक युवती से 2 लाख 9 हजार 500 रुपए लेने वाले आरोपी को आखिरकार पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नौकरी नहीं लगी तो रकम वापस मांगने पर आरोपी पहले टालता रहा और जब बात ज्यादा बढ़ी तो मोबाइल नंबर ही बंद कर दिया। शिकायत पुलिस तक पहुंची तो अब आरोपी सलाखों के पीछे है।
मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार जाटवर (25), निवासी अमलडीहा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 27 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
अगस्त 2025 में हुई पहचान, फिर शुरू हुआ नौकरी का खेल
पामगढ़ क्षेत्र की निवासी लीला मेहर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अगस्त 2025 में उसकी पहचान राहुल कुमार जाटवर से हुई थी। आरोपी ने खुद को आबकारी विभाग में लोगों की नौकरी लगवाने वाला बताते हुए उसे भी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
इसके एवज में राहुल ने 6 लाख रुपए की मांग की। नौकरी लगने की उम्मीद में प्रार्थिया ने 10 सितंबर 2025 को आरोपी के खाते में अलग-अलग लोगों के नंबरों से फोन-पे के जरिए 1 लाख रुपए भेजे और 1 लाख रुपए नगद दिए। इसके बाद अधिकारियों को पैसे देने के नाम पर आरोपी ने फिर 9,500 रुपए फोन-पे से मंगवा लिए।
यानी नौकरी के नाम पर कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपए आरोपी तक पहुंच गए।
मार्च तक नौकरी का भरोसा, हाथ में थमा दिया 1 लाख का चेक
रकम लेने के बाद आरोपी ने प्रार्थिया को भरोसा दिलाया कि मार्च 2026 तक उसकी नौकरी लग जाएगी। इतना ही नहीं, विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपी ने 1 लाख रुपए का चेक भी दे दिया।
लेकिन मार्च आया और चला गया… नौकरी नहीं लगी।
आबकारी विभाग की सूची में जब प्रार्थिया का नाम नहीं आया तो उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। इसके बाद शुरू हुआ टालमटोल का दौर। आरोपी लगातार पैसे लौटाने की बात टालता रहा और बाद में मोबाइल नंबर ही बंद कर दिया।
शिकायत पहुंची पुलिस तक, दर्ज हुआ अपराध
आखिरकार प्रार्थिया ने मामले की शिकायत पामगढ़ थाने में की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 347/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार जाटवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SDOP के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई
यह कार्रवाई SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक विनोद मनहर, भुनेश्वर पटेल एवं बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।
नौकरी का लालच देकर रकम ऐंठने के इस मामले में पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किए जाने वाले ऐसे दावों पर भरोसा करने से पहले लोगों को कितनी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
Live Cricket Info




