CG News: अमन एग्रोटेक पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 400 बोरी यूरिया जब्त; महंगे दाम पर खाद बेचने की शिकायत से मचा हड़कंप

CG News: अमन एग्रोटेक पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 400 बोरी यूरिया जब्त; महंगे दाम पर खाद बेचने की शिकायत से मचा हड़कंप
बेलगहना। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के दावों के बीच बेलगहना में उर्वरक बिक्री को लेकर शिकायत ने कृषि विभाग को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर खाद बेचने की शिकायत के बाद कृषि विभाग की टीम ने अमन एग्रोटेक, बेलगहना में जांच की और करीब 400 बोरी यूरिया जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि करीब 1,400 रुपये में मिलने वाला डीएपी 2,300 रुपये तक में बेचा जा रहा था। इसी तरह निर्धारित कीमत करीब 266 रुपये प्रति बोरी वाले यूरिया के लिए 1,000 रुपये तक वसूले जाने का आरोप लगाया गया। इतना ही नहीं, करीब 250 रुपये में मिलने वाली राखड़ को 700 रुपये तक में बेचने की शिकायत भी की गई थी।
शिकायत के बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्टॉक की जांच की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया जब्त किया गया। अब विभाग द्वारा स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो फर्म के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई हो सकती है।
कार्रवाई से पहले सूचना लीक होने का आरोप
इस पूरे मामले में एक और सवाल भी उठ रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि छापेमारी या जांच की कार्रवाई से पहले ही संबंधित विक्रेता तक इसकी सूचना पहुंच गई थी। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में अब मामला सिर्फ कथित ओवररेटिंग और उर्वरक बिक्री में अनियमितता तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्रवाई से पहले सूचना लीक होने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।
फिलहाल कृषि विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि अमन एग्रोटेक के खिलाफ लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे विभागीय कार्रवाई किस दिशा में जाती है।
Live Cricket Info



