CG Crime News: दिन में खेत का काम मांगते थे… रात में तोड़ देते थे कोठे की दीवार! 19 बकरा-बकरी चोरी कर 1.75 लाख में बेचा, 6 शातिर चोर जेल

CG Crime News: खेत समतलीकरण का काम मांगने के नाम पर गांवों में घूमकर बकरा-बकरी की रेकी करने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने ग्रामीण के कोठे की दीवार तोड़कर 19 नग बकरा-बकरी चोरी किए थे, जिन्हें उन्होंने 1 लाख 75 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपये नगद और चोरी में इस्तेमाल स्कार्पियो वाहन बरामद किया है।
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी खेत समतलीकरण का काम तलाशने के बहाने गांवों में पहुंचते थे और इसी दौरान ऐसे घरों की पहचान करते थे, जहां बकरा-बकरी रखे जाते थे। मौका मिलते ही रात के समय चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पढ़िए क्या है पूरा मामला?
ग्राम चकराभाठा थाना रतनपुर निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून 2026 को रतनपुर थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून 2026 को रोजाना की तरह वह अपने पालतू मवेशियों को जंगल में चराने के बाद वापस लाए थे।
शाम को उन्होंने अपने 4 नग बकरा और 15 नग बकरी को घर के कोठे में बंद कर दिया था। इसके बाद परिवार के साथ खाना खाकर सो गए। अगले दिन 20 जून की सुबह जब उठे तो देखा कि बकरी कोठे की दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखे 4 बकरा व 15 बकरी गायब थे।
अज्ञात चोर रात के समय कोठे की दीवार तोड़कर कुल 19 नग बकरा-बकरी चोरी कर ले गए थे।
चोरी के बाद 1 लाख 75 हजार में बेच दिए बकरा-बकरी
ग्रामीण की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल बिलासपुर और रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्कार्पियो वाहन से आसपास के गांवों में जाकर खेत समतलीकरण का काम मांगते थे। इसी दौरान वे गांवों में बकरा-बकरी और उनके रखने की जगह की जानकारी जुटाकर रेकी करते थे।
आरोपियों ने चकराभाठा से 19 नग बकरा-बकरी चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी किए गए बकरा-बकरी को 1 लाख 75 हजार रुपये में बेच दिया था, जिसमें से 25 हजार रुपये खर्च कर दिए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल महिन्द्रा स्कार्पियो वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बकरा-बकरी चोरी के मामले में इनकी हुई गिरफ्तारी
* बबलू पिता स्व. बदन खान उम्र 57 वर्ष, निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (म.प्र.)
* अमूर खान पिता नत्थू खान उम्र 66 वर्ष, निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (म.प्र.)
* अमीन खान पिता हकीम खान उम्र 41 वर्ष, निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (म.प्र.)
* हबीम खान पिता दरबार खान उम्र 35 वर्ष, निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (म.प्र.)
* शाहरूख खान पिता मशीन खान उम्र 22 वर्ष, निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (म.प्र.)
* मोहम्मद अछछन पिता मोहम्मद इलियास उम्र 33 वर्ष, निवासी रजकपुर वार्ड क्रमांक 40 थाना रजकपुर जिला अमरोहा (उ.प्र.)
सभी आरोपी वर्तमान में कर्रा थाना रतनपुर जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ में रह रहे थे।

Live Cricket Info



