अमाली कोल वाशरी के विरोध में कांग्रेस उतरेगी मैदान में, आंदोलन में शामिल होंगे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज
कोटा/बिलासपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमाली में प्रस्तावित मेसर्स विराज अर्थ फ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड की कोल वाशरी के विरोध ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा जताए गए विरोध के बाद कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए आंदोलन का समर्थन करने का ऐलान किया है।
कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तथा नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 जून को आयोजित जनसुनवाई में प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कोल वाशरी का विरोध किया था।
संदीप शुक्ला का आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान कोल वाशरी प्रबंधन ने बाहरी लोगों को बुलाकर कृत्रिम जनसमर्थन दिखाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से बुलाए गए लोगों द्वारा हंगामा कर जनसुनवाई का माहौल प्रभावित किया गया,जबकि प्रभावित क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण परियोजना के विरोध में थे। उनका यह भी कहना है कि पूरी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद वे स्वयं अमाली पहुंचकर ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित कोल वाशरी के विरोध में होने वाले आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित ग्रामीणों की भावनाओं के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएगी।
कोल वाशरी को लेकर क्षेत्र में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।
अब कांग्रेस के खुलकर आंदोलन में उतरने की घोषणा के बाद आने वाले दिनों में यह मामला और अधिक राजनीतिक तथा जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
Live Cricket Info


