CG News:–17 साल से जेल में तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहे कैदी ने पाक्सो एक्ट में विचाराधीन कैदी की पत्थर से सिर कुचल कर की हत्या

Bilaspur बिलासपुर। सेंट्रल जेल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तिहरे हत्याकांड में पिछले 17 साल से बंद कैदी ने पाक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने बंदी के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल में हुई इस वारदात की जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी गई है। पुलिस अब मामले की जांच के साथ शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत पाक्सो एक्ट के मामले में वर्ष 2024 से जेल में बंद था। उसे जेल के ई–वन बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान नीलू पास में लेटा हुआ था। तभी तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और हाथ में मौजूद पत्थर से नीलू के सिर पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से बैरक में मौजूद कैदी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था। अन्य बंदियों ने किसी तरह आरोपी को रोका और घटना की जानकारी जेल प्रबंधन को दी। इसके बाद जेल प्रशासन ने घायल नीलू को तत्काल सिम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
जेल में दोनों का चल रहा था इलाज:–
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि आरोपी राजेश राय को वर्ष 2011 से मानसिक परेशानी थी, जिसका इलाज जेल में ही चल रहा था। वहीं नीलू जगत को मिर्गी की बीमारी थी और उसका भी उपचार किया जा रहा था। दोनों को स्वास्थ्य कारणों से एक ही बैरक में रखा गया था। इसी बैरक में अन्य बीमार बंदियों को भी रखा गया था, जिनकी दवाइयां और इलाज जेल प्रबंधन व डॉक्टरों की निगरानी में चलता था।
तीन दिन पहले ही सजा माफी का आवेदन हुआ था खारिज:–
हत्या के मामले में आरोपी राजेश राय अपने पिता हरि राय के साथ सजा काट रहा है। बताया जा रहा है कि राजेश के एक भाई को करीब एक साल पहले सजा माफी मिल चुकी है। इसके बाद राजेश ने भी सजा में राहत के लिए आवेदन दिया था, लेकिन राज्य सरकार की ओर से तीन दिन पहले ही उसका आवेदन खारिज कर दिया गया।
आवेदन खारिज होने के बाद से राजेश मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। अब पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर उसने नीलू जगत पर हमला क्यों किया और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
Live Cricket Info



