CG News:- 10 हजार रुपये को लेकर रात में हुआ पति-पत्नी का विवाद, सुबह एक ही साड़ी के फंदे पर मिली दोनों की लाश; दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

CG News:- बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में एक मजदूर दंपती की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मध्यप्रदेश से रोजी-रोटी के लिए बिलासपुर आए 35 वर्षीय रमेश सिंह बंजारा और उनकी 30 वर्षीय पत्नी माया बंजारे मंगलवार सुबह एक ही साड़ी से बने फंदे पर मृत मिले। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रक्षाबंधन के लिए 10 हजार रुपये मांगने को लेकर सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद उनके दोनों बच्चे घर में अकेले रह गए। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
सुबह बच्चों ने देखा तो उड़ गए होश
बिलासपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार निवासी रमेश सिंह बंजारा कुछ वर्षों से सिरगिट्टी क्षेत्र के नयापारा में पत्नी माया और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। रमेश एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे।
मंगलवार सुबह बच्चों की नजर माता-पिता पर पड़ी तो दोनों साड़ी से बने फंदे पर लटके हुए थे। बच्चों ने घबराकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। पति-पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची।
रक्षाबंधन के लिए मांगे थे 10 हजार रुपये
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों और स्वजन से मिली जानकारी के अनुसार माया ने रक्षाबंधन के मौके पर पति से 10 हजार रुपये मांगे थे। रमेश ने रुपये की व्यवस्था नहीं होने की बात कही।
इसी बात को लेकर सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ। बाद में दोनों ने बच्चों को सुलाया और खुद भी सो गए। लेकिन मंगलवार सुबह जब बच्चे उठे तो घर का मंजर पूरी तरह बदल चुका था।
आर्थिक तंगी से परेशान था परिवार
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। रमेश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी बेटी चौथी कक्षा में पढ़ती है, जबकि बेटा उससे छोटा है।
पुलिस के अनुसार घरेलू जरूरतों और आर्थिक परेशानी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी विवाद के पीछे आर्थिक परेशानी ही सामने आई है।
दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
सुबह माता-पिता की मौत के बाद दोनों बच्चे पूरी घटना से सहमे हुए थे। पुलिस ने स्वजन की मौजूदगी में बच्चों से घटना की जानकारी ली। घटना की सूचना मिलने के बाद रमेश के स्वजन भी गांव से बिलासपुर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए और वे दोनों शवों को अपने गांव ले गए। बच्चों को भी स्वजन अपने साथ ले गए हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिरगिट्टी पुलिस ने घटना के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की जांच में आर्थिक परेशानी और रात में हुए विवाद की जानकारी सामने आई है। घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Live Cricket Info

