CG News:- महादेव बेटिंग ऐप कथित प्रमोशन मामले में ईडी ने रायपुर में सेलिब्रिटी पत्रकार शेफाली बग्गा से की घंटों पूछताछ ED की पूछताछ के बाद शेफाली बग्गा ने क्या कहा? देखिए VIDEO….

CG News:- बिग बॉस 13 की पूर्व प्रतिभागी को पीएमएलए की धारा 50 के तहत समन; देर शाम तक ईडी–आरपीजेडओ कार्यालय में चली पूछताछ ईडी का दावा–वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए कथित बेटिंग टिप्स, कैश–आउट कॉल और निकासी के दावों वाले टेलीग्राम चैनल का किया गया प्रचार

🔹 जांच एजेंसी के अनुसार, 30 मई को दिल्ली स्थित आवास से जब्त Rs 30 लाख नकदी कथित तौर पर अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रचार से अर्जित आय
🔸 महादेव बेटिंग ऐप मामले में शेफाली बग्गा से रायपुर में ईडी की पूछताछ का यह खुलासा सबसे पहले छत्तीसगढ़ के अग्रणी अंग्रेजी दैनिक द हितवाद (The Hitavada) के समाचार संपादक (न्यूज एडिटर) एवं वरिष्ठ खोजी पत्रकार मुकेश एस. सिंह की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में सामने आया। 🔸

विशेष बुलेटिन
कान्हा तिवारी
| रायपुर, 16 जुलाई।महादेव ऑनलाइन बुक कथित Rs 6,000 करोड़ के सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रायपुर जोनल कार्यालय (ईडी-आरपीजेडओ) ने गुरुवार को सेलिब्रिटी पत्रकार, टीवी प्रस्तोता और बिग बॉस-13 की पूर्व प्रतिभागी शेफाली बग्गा से कई घंटों तक पूछताछ की। मामले से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि पीएमएलए की धारा 50 के तहत उनका बयान दर्ज किया गया और समाचार लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी।
उल्लेखनीय है कि महादेव बेटिंग ऐप मामले में शेफाली बग्गा से रायपुर में ईडी द्वारा की गई इस पूछताछ का खुलासा सबसे पहले छत्तीसगढ़ के अग्रणी अंग्रेजी दैनिक द हितवाद (The Hitavada) के समाचार संपादक (न्यूज एडिटर) एवं वरिष्ठ खोजी पत्रकार मुकेश एस. सिंह ने अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के माध्यम से किया था।

पूर्व में आज तक और तेज जैसे समाचार चैनलों से जुड़ी रहीं शेफाली बग्गा बाद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की प्रस्तोता तथा रियलिटी टेलीविजन हस्ती के रूप में भी सक्रिय रहीं। गुरुवार सुबह वे ईडी कार्यालय पहुंचीं, जहां जांच अधिकारियों ने उनसे कथित बेटिंग ऐप्स के प्रचार, भुगतान की प्रकृति तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ की।
यह कार्रवाई 30 मई को दिल्ली स्थित उनके आवास पर ईडी की तलाशी और उसके बाद तैयार की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई गई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि शेफाली बग्गा ने अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट्स, जिनमें लगभग 57 लाख फॉलोअर्स वाला इंस्टाग्राम अकाउंट भी शामिल है, के माध्यम से लोगों को ऐसे टेलीग्राम चैनल की ओर भेजा, जहां कथित तौर पर लाइव बेटिंग टिप्स, “कैश-आउट” संदेश, “प्रॉफिट बुक” कॉल तथा निकासी के दावे साझा किए जाते थे। जांच अभिलेखों के अनुसार, उक्त टेलीग्राम चैनल से 24 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हुए थे।
ईडी की जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि प्रचार सामग्री में उपयोगकर्ताओं को यह भरोसा दिलाया जाता था कि बेटिंग से होने वाली कमाई सरकारी एजेंसियों अथवा आयकर विभाग की कार्रवाई से सुरक्षित रहेगी। जांच एजेंसी का कहना है कि इस प्रकार के दावे लोगों को कथित रूप से अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से किए गए। जांच दस्तावेजों के साथ संलग्न स्क्रीनशॉट्स में कथित बेटिंग कॉल, कैश-आउट संदेश और Rs 2.70 लाख के एक कथित भुगतान का भी उल्लेख किया गया है।
जांच एजेंसी ने यह भी दर्ज किया है कि 30 मई को पीएमएलए की धारा 17 के तहत दर्ज अपने कथित बयान में शेफाली बग्गा ने स्वीकार किया कि उन्होंने आर्थिक लाभ के बदले सोशल मीडिया के माध्यम से बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया, जबकि उन्हें इसकी वैधानिक स्थिति की जानकारी थी।

ईडी का यह भी दावा है कि दिल्ली स्थित उनके आवास से बरामद Rs 30 लाख नकदी कथित रूप से इन्हीं प्रचार गतिविधियों से जुड़ी आय का हिस्सा थी। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसी के अभिलेखों का हिस्सा हैं और इन पर अभी किसी सक्षम न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय नहीं दिया गया है।

जांच के दौरान ईडी ने शेफाली बग्गा के पिता विपिन बग्गा की कथित भूमिका की भी पड़ताल की है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, वे कथित प्रचार व्यवस्थाओं, नकद राशि प्राप्त करने तथा उसके उपयोग से जुड़े मामलों को देखते थे। इसी क्रम में उनके भाई शिवांश बग्गा को भी जब्त नकदी के स्रोत के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, ईडी जगदीश कुमार उर्फ खंजन ठक्कर, जिसे महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़ा कथित प्रमुख हवाला ऑपरेटर माना जाता है, तथा स्काईएक्सचेंज से जुड़े हरिशंकर तिबरेवाल के साथ शेफाली बग्गा के कथित संबंधों की भी जांच कर रही है। एजेंसी को संदेह है कि चर्चित हस्तियों के माध्यम से किए गए प्रचार अभियानों का उपयोग कथित रूप से बेटिंग प्लेटफॉर्म्स तक नए उपयोगकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए किया जाता था, जिसके बाद धन का प्रवाह हवाला नेटवर्क, शेल कंपनियों और बहुस्तरीय वित्तीय लेन-देन के जरिए आगे बढ़ाया जाता था।

“पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज किए गए बयान का अब जब्त डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय अभिलेखों, सोशल मीडिया सामग्री तथा जांच के पूर्व चरणों में दर्ज अन्य बयानों के साथ मिलान किया जाएगा, ताकि कथित भुगतान, प्रचार व्यवस्थाओं और महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े व्यापक धन प्रवाह की प्रकृति स्थापित की जा सके,” पीएमएलए के तहत शेफाली बग्गा से हुई पूछताछ से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले विश्वसनीय सूत्रों ने जैसा कि द हितवाद (The Hitavada) बताया।
क्या कहा शेफाली बग्गा ने? सुनिए उनका पूरा बयान
हालांकि, शेफाली बग्गा ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा, “ये पूरी तरह निराधार आरोप हैं। सच्चाई जो भी होगी, वह सामने आ जाएगी।” उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।

Live Cricket Info


