दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने द हितवाद (The Hitavada) की तथ्यपरक पत्रकारिता को सराहा, न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह सम्मानित

SECR रायपुर मंडल ने कचना–खमारडीह रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर प्रकाशित विशेष रिपोर्ट की तथ्यपरक एवं प्रमाणिक कवरेज के लिए द हितवाद के न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह को प्रशस्ति–पत्र प्रदान किया
सम्मान तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी द्वारा प्रदान किया गया, जिनकी पदोन्नति के बाद उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर में चीफ फ्रेट ट्रांसपोर्ट मैनेजर (सीएफटीएम) के पद पर नियुक्ति हुई है
मुकेश एस. सिंह विगत तीन दशकों से वित्तीय एवं केंद्रीय जांच एजेंसियों, खोजी पत्रकारिता तथा जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं
राज्य–मान्यता प्राप्त पत्रकार श्री सिंह को माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है
रायपुर, 15 जुलाई।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल ने छत्तीसगढ़ के अग्रणी अंग्रेजी दैनिक द हितवाद (The Hitavada) के न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह को कचना-खमारडीह रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजना पर प्रकाशित विशेष रिपोर्ट की तथ्यपरक एवं प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। यह सम्मान रायपुर मंडल के तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी द्वारा प्रदान किया गया।

प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह सम्मान उत्कृष्ट सेवा एवं जनहित से जुड़े विषय पर प्रभावी पत्रकारिता के लिए प्रदान किया गया है। प्रमाण-पत्र 13 जुलाई, 2026 को रायपुर में जारी किया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री सिंह ने 16 मई, 2026 को द हितवाद में “Kachna-Khamardih RoB finally nears finish line” शीर्षक से विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना की प्रगति, इसके लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण होने, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव के स्थल निरीक्षण, निर्धारित समय-सीमा तथा कंपोजिट स्टील गर्डर लॉन्चिंग जैसे तकनीकी पहलुओं का विस्तृत उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में प्रयुक्त परियोजना संबंधी आधिकारिक जानकारियां एसईसीआर रायपुर मंडल द्वारा उपलब्ध कराई गई थीं।

रेलवे प्रशासन ने अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी इस रिपोर्ट को साझा करते हुए इसे परियोजना की प्रगति पर आधारित विश्वसनीय एवं प्रमाणिक कवरेज बताया था ।
इसी क्रम में, सम्मान प्रदान करने वाले तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी का हाल ही में पदोन्नति के साथ स्थानांतरण हुआ है। उन्होंने अब उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) में चीफ फ्रेट ट्रांसपोर्ट मैनेजर (सीएफटीएम) का कार्यभार संभाल लिया है। रेलवे एवं पत्रकारिता जगत ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इस सम्मान को द हितवाद की तथ्यपरक, जिम्मेदार एवं जनहित केंद्रित पत्रकारिता की औपचारिक सराहना के रूप में देखा जा रहा है। वर्तमान में निजी पारिवारिक कारणों से रायपुर (छत्तीसगढ़) से बाहर मौजूद मुकेश एस. सिंह ने दूरभाष पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि द हितवाद के संपूर्ण संपादकीय दल की निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनपक्षधर पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े विषयों पर इसी गंभीरता और तथ्यपरकता के साथ रिपोर्टिंग जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि रायपुर शहर की बहुप्रतीक्षित कचना-खमारडीह आरओबी परियोजना पर द हितवाद ने समय-समय पर आधिकारिक सूचनाओं एवं प्रामाणिक तथ्यों के आधार पर लगातार समाचार प्रकाशित किए, जिन्हें अब रेलवे प्रशासन ने औपचारिक रूप से सम्मानित किया है।
करीब तीन दशकों के अपने पत्रकारिता जीवन में मुकेश एस. सिंह ने आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), वस्तु एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (डीजीजीआई), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) सहित विभिन्न वित्तीय एवं केंद्रीय जांच एजेंसियों से जुड़े मामलों पर खोजी एवं तथ्यपरक रिपोर्टिंग की है। इसके अलावा वे जनहित, सुशासन और मानवीय सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपनी विशेष रिपोर्टिंग के लिए भी व्यापक पहचान रखते हैं।
राज्य-मान्यता प्राप्त पत्रकार मुकेश एस. सिंह को माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट मीडिया–अंग्रेजी) सहित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान एवं डॉ. डी.पी. चौबे स्मृति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर उनका आधिकारिक हैंडल @truth_finder04 खोजी, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर नियमित जानकारी साझा करने के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है।

Live Cricket Info

