CG News:- VIDEO: CMO ऑफिस बना अखाड़ा! तनख्वाह के विवाद में दफ्तर के अंदर चले घूंसे-थप्पड़, अकाउंटेंट की पिटाई, इंजीनियर समेत 4 पर FIR, वायरल VIDEO ने खोली दफ्तर की अंदरूनी लड़ाई ,गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन

CG News: – नगर पंचायत कार्यालय से मारपीट का VIDEO सामने आया है। वेतन भुगतान में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इंजीनियर और उसके साथियों पर अकाउंटेंट की पिटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर FIR दर्ज कर ली है। वहीं कर्मचारी यूनियन ने गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
Gariaband गरियाबंद। सरकारी दफ्तर… अधिकारी–कर्मचारी… और फिर अचानक चीख–पुकार। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार शाम ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब सैलेरी भुगतान में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। CMO ऑफिस के भीतर हुई इस घटना का VIDEO अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
आरोप है कि इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके साथ मौजूद लोगों ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के साथ मारपीट की। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
बातचीत से शुरू हुआ विवाद… फिर दफ्तर में चलने लगे हाथ
जानकारी के मुताबिक, घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे की है। नगर पंचायत के CMO कार्यालय में इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को बुलाया था। शुरुआत में बातचीत हो रही थी, लेकिन कुछ देर बाद माहौल गरमा गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दफ्तर के अंदर ही हाथापाई शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग संदीप चंद्राकर के साथ धक्का–मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं संदीप चंद्राकर भी जवाबी हमला करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक व्यक्ति की पगड़ी उतरती दिखाई देती है।
मारपीट के बीच CMO dुष्यंत साहू लोगों को रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं, जबकि इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक गुस्से में खड़े दिखाई देते हैं।
इंजीनियर और तीन साथियों पर FIR
घटना के बाद अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर की शिकायत पर देवभोग पुलिस ने इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में अपराध कायम किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब यूनियन भी उतरी मैदान में
इस मामले ने अब कर्मचारी यूनियन का रूप भी ले लिया है। संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं। वहीं प्रभारी CMO दुष्यंत साहू भी इसी यूनियन से जुड़े पदाधिकारी बताए जा रहे हैं।
शनिवार को यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल देवभोग थाने पहुंचा और ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने आरोपियों के खिलाफ गैर–जमानती धाराओं में कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। यूनियन ने साफ कहा है कि अगर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना–प्रदर्शन किया जाएगा।
CCTV नहीं था… फिर VIDEO कहां से आया?
मामले में अब CCTV फुटेज को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा के मुताबिक, घटना वाले दिन पुलिस ने CMO दुष्यंत साहू से रिकॉर्डिंग मांगी थी, लेकिन उस समय CCTV फुटेज नहीं होने की बात कही गई थी।
अब जब मारपीट का VIDEO सोशल मीडिया में वायरल हो गया है, तो पुलिस ने दोबारा जानकारी मांगी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से जुड़े वीडियो सीधे पुलिस को देने के बजाय वायरल कैसे हुए।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी
इधर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच तालमेल की कमी के कारण नगर पंचायत की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पोस्टिंग की मांग की जाएगी।
Live Cricket Info


