CG Crime News: – तांत्रिक में ढाई लाख का ढाई करोड़ बनवाने का झांसा दे की ठगी, ठगी के पीड़ितों ने तांत्रिक का कार लूट लिया बदला,दोनों पक्षों पर एफआईआर

CG Crime News: – रुपये डबल करने का झांसा देकर ठगी, खुलासा होते ही बीच सड़क लूट ढाई लाख लेकर भाग रहा था ढोंगी, पीछा कर कार और मोबाइल ले उड़े पीड़ित
बिलासपुर। तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए रुपये डबल करने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ढाई लाख रुपये लेकर भाग रहे ढोंगी और उसके साथ मौजूद महिलाओं का पीछा करने पर मामला बीच सड़क लूट तक पहुंच गया। मदनपुर के पास मारपीट के बाद कार और मोबाइल लेकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस जांच में जब सच्चाई सामने आई तो पूरा घटनाक्रम ही पलट गया।
ढोंगी ने शुरुआत में खुद को लूट का शिकार बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उसने तंत्र-मंत्र और ठगी के हिस्से को छिपा लिया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में पूरा मामला उजागर हो गया। अब एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ढोंगी और उसके सहयोगियों के खिलाफ भी ठगी का अपराध दर्ज किया जा रहा है।
लूट की रिपोर्ट, लेकिन कहानी अधूरी
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि कोरबा जिले के तिवारता निवासी विजय कुमार राज (48) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ बिल्हा क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहा था। रतनपुर से पहले नेशनल हाईवे पर हाईवे किंग ढाबा के पास वाहन रोकने के दौरान दो कारों में सवार चार युवक पहुंचे।
आरोप लगाया गया कि युवकों ने मारपीट कर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और महिलाओं के पर्स में रखे करीब आठ हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
पूछताछ में सामने आया ठगी का पूरा खेल
लूट की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को कोरिया और अंबिकापुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या के नाम पर रुपये बढ़ाने का लालच देकर उनसे करीब ढाई लाख रुपये की ठगी की थी।
रुपये वापस मांगने पर जब टालमटोल शुरू हुई तो आरोपियों ने ढोंगी का पीछा किया। ग्राम मदनपुर के पास विवाद और मारपीट के बाद वे कार, मोबाइल और नगदी लेकर चले गए।
पुलिस ने लूट में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और रकम जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी
• विद्यादास महंत (43) — निवासी सीतापुर, जिला सरगुजा
• रामसुंदर (32) — निवासी बनखेता खरवर, जिला कोरिया
• राजीव कुमार सिंह (37) — निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर
• गुलशन कुजुर (47) — निवासी चरचा कालरी, जिला कोरिया
झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र पर सख्ती के निर्देश
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और रुपये डबल करने का झांसा देने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज होगी। उनके निर्देश पर अब बिल्हा थाना पुलिस ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल एवं देवानंद चंद्राकर की अहम भूमिका रही।

Live Cricket Info

