Bilaspur News:– कोटा के तीन युवक दुबई में फंसे, 28 फरवरी और 3 मार्च की फ्लाइट रद्द, अब 5मार्च की टिकट से घर वापसी की आस

Bilaspur News :– ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात का अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर, होटल में बढ़ा ठहराव, परिवार से वीडियो कॉल पर दे रहे कुशलक्षेम
Bilaspur News :– बिलासपुर। ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिसका असर कोटा के तीन युवकों की वापसी यात्रा पर पड़ा है। दुबई घूमने गए शिवम मिश्रा, आकाश और आयुष की फ्लाइट लगातार रद्द हो रही है। पहले 28 फरवरी की टिकट निरस्त हुई, इसके बाद 3 मार्च की नई बुकिंग भी कैंसिल हो गई। फिलहाल उन्हें 5 मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है और उसी के सहारे वे घर लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
कोटा निवासी शिवम मिश्रा ने फोन पर बताया कि वे अपने दोस्तों आकाश और आयुष के साथ दुबई घूमने आए थे। यादगार यात्रा की योजना थी, लेकिन पड़ोसी देशों में बढ़ते तनाव के चलते उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया। शिवम ने स्पष्ट कहा कि दुबई में किसी तरह के युद्ध जैसे हालात नहीं हैं। शहर सामान्य रूप से संचालित हो रहा है, पर्यटक स्थल खुले हैं और लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त हैं।
सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं, पर मानसिक दबाव
शिवम के अनुसार सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है, लेकिन बार–बार फ्लाइट रद्द होने से मानसिक दबाव जरूर बढ़ गया है। परिवार के सदस्य लगातार संपर्क में हैं और हर नई सूचना का इंतजार कर रहे हैं। घर से रोज पूछा जाता है कि वापसी कब होगी। युवकों को समझाना पड़ता है कि यहां सब कुछ सामान्य है, सिर्फ उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित है।
Dubai International Airport पर यात्रियों की भीड़
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। कई उड़ानें री–शेड्यूल की जा रही हैं, जिससे लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। शिवम ने बताया कि होटल में ठहरने की अवधि बढ़ानी पड़ी है, जिससे खर्च भी बढ़ गया है। इसके बावजूद वे स्थिति को संयम से संभाल रहे हैं और स्थानीय प्रशासन व संबंधित एयरलाइन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।
वीडियो कॉल से दे रहे हालचाल
शिवम के स्वजन ने बताया कि तीनों युवक लगातार वीडियो कॉल के जरिए अपनी कुशलता की जानकारी दे रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक बच्चे सुरक्षित हैं, तब तक संतोष है। हालांकि वे चाहते हैं कि 5 मार्च की फ्लाइट बिना किसी रुकावट के संचालित हो और बच्चे जल्द घर लौट आएं।
परिजनों ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय तनाव का असर उड़ानों के रूट और समय–सारिणी पर पड़ना स्वाभाविक है। सुरक्षा कारणों से कई एयरलाइंस वैकल्पिक मार्ग अपना रही हैं, जिसके चलते देरी और रद्दीकरण की स्थिति बन रही है। फिलहाल कोटा के ये तीन युवक सुरक्षित हैं और 5 मार्च की उड़ान के साथ घर वापसी की उम्मीद में प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Live Cricket Info



