CG News:- महिला दिवस पर खाकी का सम्मान… बेहतरीन सेवा देने वाली महिला पुलिसकर्मी हुईं सम्मानित, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘हेलो सिस्टर’ टीम शुरू

CG News:-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” नाम से विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा भी की गई।
कंट्रोल रूम में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
Raigarh रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्दांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आरआई अमित सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
एसएसपी ने दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी समाज में नारी सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल बन रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुलिस, सेना सहित कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत हैं और नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बन रही हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘हेलो सिस्टर’ टीम
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस की ओर से “हेलो सिस्टर” नाम से विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा की। इस टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी।
इसके लिए 94792 70533 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला पीड़ित इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। टीम कॉल मिलने पर तुरंत पीड़ित महिला से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया महिला दिवस
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और विभाग के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
इन महिला पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
सम्मानित होने वालों में निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार, श्यामा सिदार सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहीं।

Live Cricket Info
