
Ratanpur News:- नवरात्रि की भीड़ के बीच रतनपुर के मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर पॉकेटमारी करने वाली गोरी बाई को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया। कार्रवाई प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में हुई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर संभावित गिरोह कनेक्शन की जांच कर रही है और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है।

Ratanpur: रतनपुर । आस्था की भीड़… और उसी भीड़ में सक्रिय हाथ—रतनपुर के मां महामाया मंदिर में नवरात्रि के दौरान पॉकेटमारी की घटनाओं ने श्रद्धालुओं को परेशान कर दिया था। लेकिन पुलिस की नजर आखिरकार उस चेहरे तक पहुंच ही गई, जो इस भीड़ का फायदा उठा रहा था।
पुलिस ने जांजगीर–चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत पीपरसत्ती निवासी गोरी बाई को गिरफ्तार किया है, जो मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की जेब और बैग से नगदी व कीमती सामान पार कर रही थी।
नवरात्रि के चलते मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी भीड़भाड़ के बीच कुछ लोगों को अपने पैसे और सामान गायब होने का एहसास हुआ। शिकायतें बढ़ीं तो पुलिस हरकत में आई।
रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला संदिग्ध रूप से श्रद्धालुओं के बीच घूमते हुए नजर आई, जिसकी गतिविधियां पॉकेटमारी की ओर इशारा कर रही थीं।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रही है या किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है।
भीड़ में सक्रिय जेबकतरे, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने मोबाइल, पर्स और जेवरात का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Live Cricket Info


