Janjgir Murder News:– दंपत्ति के अंधे कत्ल का खुलासा,वीडियोग्राफर ने पहचान छुपाने मुखौड़े और नकली बाल लगा चोरी की नीयत से करवाई वारदात, वीडियोग्राफर, दो सगे भाई और बाप गिरफ्तार

Janjgir Murder News:– जांजगीर–चांपा के खपरी गांव में हुए बुजुर्ग दंपत्ति के डबल मर्डर का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि इस वारदात का मास्टरमाइंड वही वीडियोग्राफर निकला, जो शादी में काम करने घर पहुंचा था। घर की स्थिति और अकेलेपन की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने साथियों—दो सगे भाइयों और उनके पिता—के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। पहचान छुपाने के लिए मुखौटा और नकली बाल का सहारा लिया गया, लेकिन जब बुजुर्ग दंपत्ति ने विरोध किया तो आरोपियों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र के जरिए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि लालच कैसे भरोसे को तोड़कर अपराध में बदल जाता है, और कानून की नजर से बच पाना आखिरकार नामुमकिन होता है।
Janjgir जांजगीर। जांजगीर जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए बुजुर्ग दंपति के दोहरे अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही सुलझा ली है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार मृतक के परिवार में शादी के दौरान वीडियोग्राफी का काम करने आए वीडियोग्राफर को मृतक दंपत्ति के घर में अकेले रहने और काफी जेवर तथा नगदी होने की जानकारी लग गई थी, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने के लिए प्लानिंग की थी। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने मुखौटे और नकली बालों का भी इस्तेमाल किया था, पर पहचान उजागर होने पर बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में वीडियोग्राफर के अलावा दो सगे भाई और उनका बाप भी है।
1 अप्रैल को मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी निवासी संतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू की लाश घर में खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल को मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी पारस पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। बुजुर्ग दंपत्ति के दोहरे हत्याकांड की जानकारी लगते ही एसपी विजय पांडे तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलवाकर साक्ष्य संकलित करने के निर्देश दिए। जिसके बाद एसपी ने एडिशनल एसपी उमेश कश्यप,एडिशनल एसपी उद्दयन बेहार, डीएसपी प्रदीप शोरी और योगिता बाली खारपड़े के नेतृत्व में मुलमुला थाना और सायबर सेल को घटना की जल्द से जल्द जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से लगे सीसीटीवी का अवलोकन कर आरोपियों के भागने के सभी संभावित रास्तों की पत्तासाजी की। साइबर थाना और मुलमुला थाना के संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास मुखबिर भी तैनात किए। घटना स्थल में रात्रि कैंप कर घटना के संबंध में छोटी से छोटी जानकारी को एकत्र करना शुरू किया गया। मृतक के परिवार के सभी सदस्यों और आस–पड़ोस के लोगों से घटना के संबंध में अलग–अलग बारीकी से पूछताछ किया गया। जिसमें पता चला कि बुजुर्ग दंपत्ति घर में अकेले रहते थे और गांव में उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतकों के शरीर का अवलोकन करने पर स्पष्ट हुआ कि आरोपी मृतक के घर में चोरी करने की नीयत से घुसे थे। घर मालिक बुजुर्ग संतराम के नींद खुलने पर आरोपियों के साथ उनका संघर्ष हुआ और हत्या की गई।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए हत्या करने की जानकारी मिलने पर ग्राम खपरी एवं आसपास के चोर– बदमाश प्रवृत्ति के लड़कों के बारे में जानकारी इकट्ठा की गई। जिसमें जानकारी मिली कि ग्राम खपरी का ही निवासी श्याम रतन दिनकर का पुत्र गजेंद्र दिनकर घटना के बाद से गांव में नहीं है। स्थानीय मुखबिरों ने भी घटना के बाद से उसके गांव से फरार होने की पुष्टि की। तकनीकी जांच के आधार पर गजेंद्र दिनकर को उसके ससुराल गांव नवागांव पुलिस चौकी मल्हार जिला बिलासपुर से अभिरक्षा में लिया गया और पूछताछ करने पर आरोपी के दाहिने हाथ के दो उंगली में गहरे कटे चोट के निशान पाए गए। चोट के संबंध में पूछताछ पर आरोपी पुलिस को गुमराह करने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी सुरेंद्र यादव के साथ मिलकर घटना कारित करना स्वीकार कर लिया।
चोरी की नीयत से वीडियोग्राफर ने दो सगे भाइयों और उनके बाप को प्लानिंग में शामिल कर की वारदात:–
मामले के संबंध में जांच टीम का सुपरविजन कर रहे एडिशनल एसपी उद्दयन बेहार ने बताया कि गजेंद्र दिनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि अपने साथी सुरेंद्र यादव के साथ मिलकर उसने घटना को अंजाम दिया है। इस पूरे षडयंत्र में उसके सगे भाई और पिता ने भी साथ दिया है। सुरेंद्र यादव वीडियोग्राफी का काम करता है। मृतक के परिवार में वह एक शादी के लिए वीडियोग्राफी करने आया था। जिस दौरान उसे मृतक दंपत्ति के घर जेवर और नगदी होने तथा गांव में अकेले रहने की जानकारी मिली थी। जिसके चलते उसने गजेंद्र दिनकर के साथ चोरी की प्लानिंग की।
चोरी करने के दौरान पहचाने जाने का खतरा था, इसलिए अपनी पहचान छुपाने चेहरे पर मास्क, सर में टोपी और नकली बाल लगाकर दोनों आरोपी मृतक के घर के छत से घर में घुसे थे, घुसते समय मृतक संत राम द्वारा उन्हें देखकर हल्ला करने पर सुरेंद्र यादव अपने पास रखे चाकू से मृतक संतराम की जांघ में चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी तत्काल मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के चिंखने की आवाज सुन कर मृतक की पत्नी श्याम बाई साहू की भी नींद टूट गई। गजेंद्र पाल दिनकर के द्वारा उसके भी गले और चेहरे में धारदार चाकू से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतका श्यामबाई साहू के पैर में पहने पायल को सुरेंद्र यादव तथा गले में पहने सोने के माल को गजेंद्र दिनकर उतार कर अपने पास रख लिए तथा दोनों आरोपी मृतक के घर से भाग गए। आरोपी गजेंद्र पाल दिनकर के द्वारा घर के बाहर रेकी कर रहे अपने पिता श्यामरतन दिनकर को लूटे हुए सोने का माला दे दिया और वहां से तीनों आरोपी भाग गए। आरोपी गजेंद्र पाल दिनकर के द्वारा घटना में प्रयुक्त हथियार को नहर के पास खेत के मेड में छिपाकर रखना और सुरेंद्र यादव के द्वारा घटना में उपयोग किए गए हथियार चाकू और पायल को अपने घर में बने शौचालय के पास रखना तथा लूटे गए सोने के हार को श्याम रतन दिनकर के द्वारा अपने भाई चंद्रशेखर दिनकर के गाय कोठा में छिपाकर रखना बताए। जिसे बरामद किया गया। गजेंद्र पाल दिनकर के बड़े भाई विजेंद्र दिनकर ने अपने छोटे भाई को घटना के संबंध में जानते हुए भी फरार करवाया और उसे उसके ससुराल में अपनी बाइक से छोड़ कर वापस गांव आ गया। जिसके चलते उसे भी आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:–
- गजेन्द्र पाल दिनकर पिता श्यामरतन दिनकर उम्र 24 वर्ष, खपरी थाना मुलमुला
- सुरेन्द्र यादव पिता स्व. अमरनाथ यादव उम्र 25 वर्ष, खपरी थाना मुलमुला
- श्यामरतन दिनकर पिता स्व. रामनारायण दिनकर उम्र 53 वर्ष, खपरी थाना मुलमुला
- विजेन्द्र पाल दिनकर पिता श्यामरतन दिनकर उम्र 26 वर्ष खपरी थाना मुलमुला जिला जांजगीर चाम्पा (छ.ग.)। जप्त साम्रगी:-
- घटना में प्रयुक्त दो नग चाकू।
- चोरी गये एक नग सोने का हार।
- चांदी का एक जोडा पायल।
- एक नग मोटरसाईकिल क्र सीजी 11 ए डब्ल्यु 0357

Live Cricket Info
