Bilaspur News :- समय-सीमा बैठक में पेयजल संकट, जल संरक्षण और पौधरोपण कार्यों की विस्तृत समीक्षा,कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनभागीदारी बढ़ाने और समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

Bilaspur News :-बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय–सीमा बैठक में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की।बिल्हा, मस्तूरी और कोटा की कई पंचायतों में जल संकट की जानकारी सामने आई। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। पौधरोपण अभियान में निजी उद्योगों को जोड़ने और पौधों के संरक्षण पर बल दिया गया।सभी विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
Bilaspur बिलासपुर, 15 अप्रैल 2025। जिले में भीषण गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्था, जल संरक्षण कार्यों और पौधरोपण अभियान की प्रगति को लेकर आज समय–सीमा बैठक में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की, जिसमें उन्होंने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में पेयजल स्थिति की जानकारी जनपद पंचायतों के सीईओ से प्राप्त की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि बिल्हा जनपद के 13, मस्तूरी के 18 और कोटा के 7 पंचायतों में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कार्ययोजना तैयार कर प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में हर नागरिक तक सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने जल स्रोतों के रिचार्जिंग कार्यों को तेज करने तथा जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जल संरक्षण कार्यों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसहयोग के बिना जल संरक्षण के प्रयास प्रभावी नहीं हो सकते, इसलिए ग्रामीण स्तर पर लोगों को जोड़कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
पौधरोपण अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निजी औद्योगिक संस्थानों को भी इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि बड़े आकार के पौधों का चयन और उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक हो।
बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) समय पर तैयार किया जाए, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके।
इसके साथ ही भू–अर्जन मामलों को निर्धारित समय–सीमा में पूर्ण करने, भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने, जनगणना कार्य की प्रगति, निष्क्रिय खातों की समीक्षा, पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन और कानून–व्यवस्था से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज, सहायक कलेक्टर अरविंथम सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Live Cricket Info


