Bilaspur News:- ACCU की तत्परता से पकड़ी गई 245 किलो गांजा की खेप,पुलिस की संयुक्त कार्रवाई …एक कार… और एक आरोपी, कहानी सिर्फ इतनी नहीं है,

एक आरोपी गिरफ्तार
1.30 करोड़ की जब्ती, मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा,
Bilaspur News:- बिलासपुर यह उस रास्ते की कहानी है, जहां से मादक पदार्थ एक राज्य से दूसरे राज्य में आसानी से गुजरने की कोशिश करता है। लेकिन इस बार रतनपुर पुलिस और ACCU की तत्परता ने उस रास्ते को रोक दिया। नेशनल हाईवे पर घेराबंदी हुई, कार रुकी, और 1 करोड़ 30 लाख का गांजा सिस्टम के सामने आ गया। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। लेकिन सवाल वहीं खड़ा है—क्या यह सिर्फ एक व्यक्ति का काम है, या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है?

Bilaspur बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में 245 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि मारुति अर्टिगा कार क्रमांक CG 04QD 7255 में अवैध रूप से गांजा कटघोरा की ओर से मरवाही के रास्ते मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना रतनपुर पुलिस और ACCU की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय को अवगत कराया और उनके निर्देशन में रेड कार्रवाई की गई।
टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ी मुंडा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) को भी जब्त किया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), पिता त्रिवेणी प्रसाद केवट, निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Live Cricket Info

