CG News:- अब बहाने नहीं, काम चाहिए”—कलेक्टर का अल्टीमेटम, पीएम आवास से जल संरक्षण तक… देरी हुई तो अब सीधे जिम्मेदार पर एक्शन तय

CG News:- गांवों के विकास की फाइलें अक्सर मोटी होती हैं… लेकिन जमीन पर हकीकत पतली। कागजों में तालाब बन जाते हैं, रिपोर्ट में घर खड़े हो जाते हैं, और योजनाएं समय पर पूरी भी दिख जाती हैं। मगर जब कलेक्टर बैठक में बैठते हैं, तो आंकड़ों की चमक फीकी पड़ने लगती है। जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नवागढ़ और बम्हनीडीह की पंचायतों की समीक्षा की। बात सीधी थी—काम समय पर करो, नहीं तो कार्रवाई तय है।
Janjgir Champa जांजगीर–चांपा, 25 अप्रैल 2026। जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सख्त रुख अपनाया है। नवागढ़ और बम्हनीडीह जनपद की पंचायतों की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाएं तय समय–सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
योजनाओं की समीक्षा, अफसरों की जवाबदेही तय

कलेक्टर ने जनपद पंचायत नवागढ़ के सभाकक्ष और बम्हनीडीह की पंचायतों की समीक्षा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, जनपद सीईओ, तहसीलदार, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महात्मा गांधी नरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल संरक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
पीएम आवास में ढिलाई पर नाराजगी
प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित और अप्रारंभ कार्यों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आवास से संबंधित शिकायत मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
5 साल का गांव विकास रोडमैप तैयार होगा
कलेक्टर ने गांवों के समग्र विकास के लिए 5 साल की परिप्रेक्ष्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना पूरी तरह जमीनी जरूरतों पर आधारित होनी चाहिए, जिसमें पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सड़क और सिंचाई को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्राम सभाओं की भागीदारी से वास्तविक जरूरतों के आधार पर लक्ष्य तय होंगे।

जल संरक्षण और “मोर गांव मोर पानी” पर फोकस
जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत सोखता गड्ढे, डबरी और तालाब निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही “नवा तरिया” निर्माण को मिशन मोड में तेजी से शुरू कर अधिक से अधिक रोजगार सृजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अवैध रेत खनन पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर ने अवैध रेत खनन और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर तक सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए और किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत उच्च स्तर तक पहुंचाई जाए।
सुशासन तिहार की तैयारियां तेज
“सुशासन तिहार” के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में छाया, पेयजल और बैठने जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही प्राप्त आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण किया जाए।

Live Cricket Info


