अंबिकापुरछत्तीसगढ़देश - विदेशराज्य एवं शहरसरगुजा

CG News:– भाजपा का यह कैसा सुशासन,सुशासन तिहार में भाजपा विधायक ने समर्थकों के साथ की नायब तहसीलदार की पिटाई, कपड़े भी फाड़े, पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ ही विभिन्न धाराओं में दर्ज किया अपराध

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील के तहसीलदा तुषार मानिकपुरी की सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। यहां तक कि उनके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने मामले में उल्टा मार खाने वाले नायब तहसीलदार के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली है। वही कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने मामले में कार्यवाही नहीं होने पर सामूहिक हड़ताल में जाने की चेतावनी दी है।

पूरा मामला सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा अंतर्गत राजापुर उप तहसील का है। यहां विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बड़ी बहन कोटछाल निवासी सीमा धनकी पति मुकेश धनकी ने जेल में बंद पति को पैरोल पर बाहर निकालने के लिए 14 मई को जमीन का शोध क्षमता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन जमा किया था। आरोप है कि लगातार रीडर और नायब तहसीलदार के द्वारा उन्हें घुमाया जा रहा था। फाइल के सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया था, सिर्फ नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर बाकी थे। पर नायब तहसीलदार पर घुमाने का आरोप है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

विधायक की बहन ने आरोप लगाया है कि 27 मई को वे नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के दफ्तर गईं थीं और उन्हें फाइल पर दस्तखत करने को कहा। जिस पर नायब तहसीलदार भड़क गए और कहा कि तुम कौन होती हो मुझे साइन करने के लिए कहने वाली। इसके साथ ही उन्होंने फाइल फेंक दी। फिर दुर्व्यवहार करते हुए कहा कि जाकर मैनपाट में साइन करवा लो। फिर तहसील से बाहर निकलने के लिए भी कहा। सीमा धनकी ने इसकी शिकायत अपने विधायक भाई से कर दी।

आरोप है कि शाम करीबन 6 बजे सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार को फोन करके वापस विधायक से मिलने के लिए राजापुर बुलाया गया। तब नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी,एसडीएम फ़ागेश सिन्हा के साथ राजापुर पहुंचे। यहां राजापुर चौक पर विधायक टोप्पो और उनके साथ तीस से चालीस समर्थक थे। नायब तहसीलदार का आरोप है कि टोप्पो ने उनसे बहन से अभद्रता करने का कारण पूछा जिस पर नायब तहसीलदार ने कहा कि अभद्रता नहीं की गई है ,वे तुरंत हस्ताक्षर के लिए कह रही थी,पर रीडर नहीं था,इसलिए उन्हें दूसरे दिन आने के लिए कहा गया। इतना कहने के साथ ही विधायक के समर्थकों और विधायक ने नायब तहसीलदार की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। उनके कपड़े तक फाड़ दिए। किसी तरह एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच बचाव किया और बड़ी मुश्किल से उन्हें छुड़ाया। फिर दोनों जान बचाकर एसडीएम की गाड़ी से वहां से भागे।

नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के अनुसार महिला तत्काल दस्तखत करने के लिए दबाव बना रही थी,पर रीडर के नहीं होने के चलते दूसरे दिन बुलाया गया, कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया था। वे विधायक के पीए के फोन आने पर एसडीएम के साथ राजापुर चौक पहुंचे थे। नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया कि यहां विधायक मारपीट के ही इरादे से अपने समर्थकों के साथ इक्कठा थे। उनके साथ विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए है।

  जिला पंचायत सदस्य बने निरंजन पैकरा लिया प्रमाण पत्र

वही एसडीएम फागेश सिन्हा ने भी मारपीट की पुष्टि करते हुए बताया कि विधायक और उनके समर्थक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विधायक और उनके साथियों ने नायब तहसीलदार से मारपीट शुरू कर दी। बड़ी मुश्किल से उन्हें बचाया गया।

वही नायब तहसीलदार और एसडीएम ने कलेक्टर अजीत बसंत से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी। कलेक्टर से मिलने के बाद नायब तहसीलदार,एसडीएम और अन्य राजस्व अधिकारी शिकायत दर्ज करवाने कोतवाली थाने पहुंच गए।

दूसरी तरफ भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर सीतापुर थाने में नायब तहसीलदार के खिलाफ जाति सूचक गाली गलौज,धमकी तथा अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

कलेक्टर अजीत बसंत ने मामले में बताया किविधायक सीतापुर द्वारा फोन पर बताया गया कि तहसीलदार के द्वारा दुर्व्यवहार किया गया है। मैंने एसडीएम को मौके पर भेजा था। नायब तहसीलदार एसडीएम ने भी फोन पर सूचना दी कि मारपीट की गई है। नायब तहसीलदार का कहना है कि उनके साथ विधायक के समर्थक और विधायक ने मारपीट की। दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच उपरान्त कार्रवाई करेगी।

वहीं मामले में कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ, सरगुजा इकाई ने कलेक्टर को दिए पत्र में कहा है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कर्तव्य निर्वहन के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की गई, जो बेहद निंदनीय है। संघ ने मांग की है कि मामले में उचित एवं न्यायसंगत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हो।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ, जिला सरगुजा सामूहिक हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होगा।

वहीं नायब तहसीलदार की शिकायत पर भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो समेत दस लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में शून्य में एफआईआर की गई है। जिसे सीतापुर थाने स्थानांतरित किया जाएगा।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button