
रतनपुर। पुलिस की वर्दी… कंधों पर स्टार… और सामने बैठी स्कूल-कॉलेज की बेटियां। रतनपुर थाना उस वक्त सिर्फ थाना नहीं, बल्कि सपनों का मंच बन गया, जब रतनपुर थाना प्रभारी और प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन का कन्या शक्ति और दुर्गावती ग्रुप की छात्राओं ने सम्मान किया।
पिछले तीन महीनों से रतनपुर थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहीं युवा आईपीएस अंशिका जैन को देखकर छात्राओं का उत्साह साफ नजर आया। किसी ने गुलाब भेंट किया… किसी ने चुनरी ओढ़ाई… तो किसी ने उन्हें अपनी प्रेरणा बताया।
“मैडम को देखकर लगा… बेटियां भी वर्दी पहन सकती हैं”
कन्या शक्ति संयोजिका ईशा सोनी और दुर्गावती ग्रुप की छात्राओं ने सबसे पहले गुलदस्ता और गुलाब का फूल भेंट कर थाना प्रभारी अंशिका जैन का स्वागत किया। इसके बाद माता रानी के आशीर्वाद स्वरूप चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं की आंखों में उत्साह था। वजह साफ थी… उनके सामने एक ऐसी युवा महिला आईपीएस अधिकारी मौजूद थीं, जिन्होंने मेहनत के दम पर पुलिस सेवा तक का सफर तय किया।
अंशिका जैन ने सुनाए संघर्ष और ट्रेनिंग के किस्से
सम्मान समारोह के दौरान थाना प्रभारी अंशिका जैन ने छात्राओं से खुलकर बातचीत की। उन्होंने अपने प्रशिक्षण, चुनौतियों और पुलिस सेवा के अनुभव साझा किए।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदार हो, तो बेटियां किसी भी मुकाम तक पहुंच सकती हैं। पढ़ाई को हथियार बनाकर देशसेवा करने का संदेश भी उन्होंने छात्राओं को दिया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहीं छात्राएं
इस अवसर पर कन्या शक्ति एवं दुर्गावती ग्रुप की ईशा सोनी, स्मृति कौशिक, पुष्पांजलि जायसवाल, रानी साहू, पावनी यादव, खुशी गहवाई, शिवांग सोनी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।
Live Cricket Info

