CG Crime News:- थाने में चल रही थी ‘सेटिंग’, SSP रजनेश सिंह को लगी भनक; कोयला माफिया का पूरा सेटिंग तंत्र फेल, पहुँच गया जेल

CG Crime News:-कोयला हेराफेरी में गिरफ्तारी के बाद भी ‘जुगाड़’ का खेल खत्म नहीं हो रहा था… बल्कि और तेज हो गया था। सेटिंग का पूरा सिस्टम एक्टिव था, कोशिश यही कि मामला किसी तरह दब जाए।लेकिन इस बार कहानी पलट गई… जैसे ही SSP रजनेश सिंह को भनक लगी, पूरा नेटवर्क हिल गया। जो लोग ‘मैनेज’ करने में लगे थे, वही अब खुद बैकफुट पर आ गए।और फिर… खेल वहीं खत्म हुआ। न जुगाड़ काम आया, न सेटिंग बचा पाई। आरोपी सीधे हवालात पहुंच गया।
SSP के निर्देश के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई
बिलासपुर। कोयला चोरी और मिलावट के चर्चित मामले में सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में संदिग्ध गतिविधियों और जांच की प्रगति की जानकारी SSP रजनेश सिंह तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।
कोयला माफिया की ‘सेटिंग’ फेल, पुलिस ने कसा शिकंजा
बताया जा रहा है कि आरोपी और उसके नेटवर्क की ओर से बचने के लिए थाने स्तर तक “सेटिंग” का जुगाड़ चल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पूरा खेल फेल हो गया। आला अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर आरोपी पर शिकंजा कस दिया।
लैब जांच में खुला कोयला मिलावट का पूरा मामला
यह पूरा मामला भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, लोखंडी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता आरके पाण्डेय के अनुसार दीपका कोल माइंस से एफ-जी ग्रेड का कोयला तीन ट्रेलरों के माध्यम से प्लांट पहुंचा था, लेकिन लैब जांच में उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
जांच में सामने आई सुनियोजित हेराफेरी और मिलावट
लैब रिपोर्ट के बाद जांच में खुलासा हुआ कि रास्ते में कोयले की अदला-बदली कर उसमें निम्न गुणवत्ता का कोयला मिलाया गया था। ट्रेलर चालकों से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पूरे मामले की परतें खुलती गईं।
पहले ही छह आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इनमें ट्रेलर चालक और कोयला हेराफेरी में शामिल अन्य लोग भी शामिल हैं।
कोनी से घेराबंदी कर दबोचा गया फरार आरोपी
फरार चल रहा अजय कुमार सिंह लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी इनपुट और सूचना के आधार पर कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच जारी
पुलिस अब इस पूरे कोयला हेराफेरी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन सक्रिय था।
Live Cricket Info

