CG ACB News:– सहकारी गृह निर्माण समितियों को 4 करोड़ से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने एवं गबन करने वाले परिसमापक के विरुद्ध 3500 पेज का चालान पेश

Raipur रायपुर। परिसमापक के प्रभार में रहते हुए सहकारी गृह निर्माण समितियों को चार करोड रुपए से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचने वाले और समितियां के बैंक खातों से 20 लाख रुपए से अधिक का गबन कर उसका निजी उपयोग करने वाले वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक के विरुद्ध ईओडब्लू ने 3500 पेज का चालान पेश किया है।
ब्यूरो के अपराध क्रमांक 29/2012 में आरोपी राजकुमार नायडू, तत्कालीन वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक (परिसमापक) के विरूद्ध भा.द.वि. की धारा 409, 420 एवं 13(2) सहपठित धारा 13 (1)(सी)(डी) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के अंतर्गत माननीय विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.) रायपुर में लगभग 3500 पेज का अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। आरोपी राजकुमार नायडू भैरव गृह निर्माण समिति एवं राष्ट्रीय खनिज विकास निगम गृह निर्माण समिति रायपुर के परिसमापक के पद पर रहते हुए अपने पद का दुरूपयोग कर राष्ट्रीय खनिज विकास निगम गृह निर्माण समिति में निर्धारित प्रक्रिया एवं अधिकार क्षेत्र से परे जाकर छलपूर्वक समिति के सदस्यों को आबंटित एवं पंजीकृत 13 भूखण्डों के पंजीयन को निरस्त करवाकर एवं नये सदस्य बनाकर उन्हें कलेक्टर दर से कम दर पर विधि विरूद्ध विक्रय किया गया तथा समिति के रोड रास्ते हेतु संरक्षित भूमि को विधि विरूद्ध विक्रय कर करोड़ों रूपये की आर्थिक क्षति पहुंचाया गया।
भैरव गृह निर्माण समिति में विधि विरूद्ध एक ही परिवार के 03 सदस्यों को भूमि आबंटित कर पंजीयन करा दिया गया। समिति के 01 सदस्य को भूखण्ड आबंटित कर विक्रय रकम प्राप्त करने पश्चात् उक्त आबंटित भूखण्ड को बिना सूचित किये नये सदस्य के नाम से पंजीयन कराया गया। आरोपी द्वारा भूखण्ड का विक्रय पश्चात् प्राप्त राशि एवं निलंबन तिथि के पश्चात् संस्था के खाते से आहरित की गई राशि को स्वयं के लिये उपयोग किया जाकर लगभग 20 लाख से अधिक रूपये का गबन किया गया।
विवेचना में पाया गया कि अभियुक्त राजकुमार नायडू द्वारा उक्त दोनों सोसायटियों को लगभग 4 करोड़ रूपये से अधिक की आर्थिक क्षति एवं समिति के बैंक खातों से 20 लाख रूपये से अधिक का गबन कर उसका निजी उपयोग किया जाना पाया गया। इस तरह आरोपी के विरूद्ध साक्ष्य सबूत पाये जाने पर माननीय विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.) रायपुर में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।
Live Cricket Info


