CG Teacher News:-VIDEO: स्कूल में सजी शराब और चिकन की महफिल! शिक्षा के मंदिर में शिक्षकों की पार्टी का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में आक्रोश

CG Teacher News:- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से स्कूल और शिक्षकों की भूमिका पर सवाल खड़े करने वाला वीडियो सामने आया है। मालखरौदा ब्लॉक के किरारी हाई स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ शिक्षक टेबल पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ नजर आ रहे हैं। गिलास में शराब रखी दिखाई दे रही है और स्कूल के भीतर ही खाने-पीने का इंतजाम नजर आ रहा है।
सक्ती। जिस जगह बच्चों को पढ़ाई के साथ अनुशासन और संस्कार का पाठ पढ़ाया जाता है, उसी स्कूल परिसर में अगर शराब और चिकन की पार्टी सज जाए तो सवाल उठना स्वाभाविक है। सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक स्थित किरारी हाई स्कूल से सामने आए कथित वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कुछ शिक्षक स्कूल के भीतर टेबल के आसपास बैठे दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर चिकन के साथ शराब की बोतलें रखी नजर आ रही हैं। गिलास में भी शराब दिखाई दे रही है। यानी जिस स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के भविष्य की नींव तैयार की जाती है, वहीं कथित तौर पर शराब पार्टी का इंतजाम किए जाने का वीडियो सामने आया है।
वीडियो में एक शिक्षक हाथ जोड़ते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। हाथ जोड़कर वह माफी मांगते नजर आ रहे हैं और “आखिरी बार हो गया” जैसे शब्द बोलते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है।
स्कूल में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में नाराजगी
शिक्षकों की कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल होने के बाद यह वीडियो ग्रामीणों तक भी पहुंच गया है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और संस्कार का केंद्र है। ऐसे में स्कूल परिसर के भीतर इस तरह की गतिविधि का वीडियो सामने आना गंभीर मामला है।
कार्रवाई और तबादले की मांग
वायरल वीडियो को लेकर ग्रामीण अब संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल परिसर में कथित तौर पर शराब पार्टी करने वाले शिक्षकों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने ऐसे शिक्षकों का स्कूल से अन्यत्र तबादला करने की मांग भी उठाई है।
फिलहाल वायरल वीडियो ने सक्ती जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक कौन हैं और स्कूल परिसर में कथित शराब पार्टी कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Live Cricket Info

