CG Crime News: रतनपुर-कोटा मार्ग पर लूटपाट करने वाले 4 बदमाश चंद घंटों में गिरफ्तार, 2 बाइक और नकदी बरामद

बिलासपुर- रतनपुर पुलिस ने रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,300 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं और पूर्व में भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक भेड़ीमुड़ा निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से देर रात घर लौट रहा था। भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5,000 रुपये लूट लिए।
इसी दौरान ग्राम खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी वहां से गुजर रहा था। आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और उससे 15,000 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर विशेष टीम गठित की। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने रातभर तलाश शुरू की। संदेह के आधार पर पहले गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने यामाहा R15, बजाज पल्सर NS, 6,300 रुपये नकद जब्त किए। आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांटकर अधिकांश राशि खर्च करना भी स्वीकार किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी (21), रतनपुर
शिवप्रसाद यादव (27), कलमीटार
अनवर खान (18), कलमीटार
ओमप्रकाश पोर्ते (20), कलमीटार
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप एवं कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Live Cricket Info



