Raipur News:- आज रायपुर में RTI पर निःशुल्क विशेष कार्यशाला, विशेषज्ञ बताएंगे सूचना पाने का कानूनी तरीका

CG News:- सूचना का अधिकार (RTI) कानून को समझने और उसका प्रभावी उपयोग सीखने का अवसर आज रायपुर में मिलेगा। V-KAN शाइन फ़ाउंडेशन की ओर से आज 1 अगस्त को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 (RTI) पर एक विशेष निःशुल्क कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें आरटीआई के कानूनी प्रावधानों से लेकर सूचना प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रायपुर। कार्यशाला का उद्देश्य नागरिकों को सूचना का अधिकार अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, सूचना प्राप्त करने की कानूनी प्रक्रिया और उसके प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा, जो पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े मामलों में आरटीआई का प्रभावी उपयोग करना चाहते हैं।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ आरटीआई आवेदन तैयार करने एवं प्रस्तुत करने की सही प्रक्रिया, प्रथम एवं द्वितीय अपील दायर करने की विधि, सूचना आयोग में प्रकरणों की पैरवी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं तथा आरटीआई के प्रभावी उपयोग के व्यावहारिक अनुभवों पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे। साथ ही प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया जाएगा।
आज शाम 4 बजे से होगा आयोजन
यह विशेष कार्यशाला आज (1 अगस्त) शाम 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक विमतारा (छोटा हॉल), शांति नगर, रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगी।
प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। सूचना के अधिकार में रुचि रखने वाले नागरिक, विद्यार्थी, अधिवक्ता, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यशाला का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Live Cricket Info

