CG News:- VIDEO: गुड़ाखू करने नदी किनारे गया था, पैर फिसला और गहरे पानी में समा गया ग्रामीण; दूसरे दिन 500 मीटर दूर मिली लाश

CG News:- कोरबा में लगातार बारिश के बीच खारुन नदी में 45 वर्षीय ग्रामीण के बह जाने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह नदी किनारे गुड़ाखू करने गए गेंदलाल का अचानक पैर फिसला और वह तेज बहाव में बह गया। पुलिस और गोताखोरों ने पूरे दिन तलाश की, लेकिन नदी के तेज बहाव और भंवर के कारण कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में ग्रामीण का शव फंसा मिला।
कोरबा। मामला पाली थाना क्षेत्र का है। ग्राम बिजराभवनारा, बतरा पंचायत निवासी गेंदलाल (45) बुधवार सुबह गुड़ाखू करने के लिए खारुन नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा गिरा। बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव पहले से काफी तेज था। गेंदलाल देखते ही देखते तेज धार में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पाली पुलिस और नगर सेना की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने नदी में तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव और नदी में बने भंवर ने अभियान को मुश्किल बना दिया। गोताखोरों ने बुधवार देर शाम तक तलाश की, मगर गेंदलाल का कोई पता नहीं चल पाया। परिस्थितियां ज्यादा जोखिम भरी होने के कारण देर शाम रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया।
दूसरे दिन फिर शुरू हुई तलाश, झाड़ियों में मिला शव
गुरुवार सुबह गेंदलाल के परिजन और ग्रामीण दोबारा नदी किनारे पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर तलाश शुरू की। घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में गेंदलाल का शव फंसा हुआ मिला। शव मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भंवर में फंसने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय खारुन नदी का बहाव बेहद तेज था। आशंका जताई जा रही है कि नदी में बहने के बाद गेंदलाल किसी भंवर में फंस गया होगा। यही वजह रही कि बुधवार को घंटों तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल पाया। तेज धार और भंवर के कारण गोताखोरों को भी रेस्क्यू के दौरान काफी परेशानी हुई।
सात दिनों से बारिश, नदी–नाले उफान पर
कोरबा जिले में पिछले सात दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदी–नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। खारुन नदी में भी जलस्तर बढ़ने के साथ बहाव तेज हो गया है।
बताया गया कि गेंदलाल का नदी के दोनों किनारों पर आना–जाना था। नदी के ऊपर की ओर एक बांध बना हुआ है, जबकि नीचे की तरफ लोगों के आने–जाने के लिए रास्ता है। बारिश के बाद नदी में बढ़े पानी और तेज बहाव ने इलाके को जोखिम भरा बना दिया है।
बुधवार को नदी में बहने के बाद लापता हुए गेंदलाल की तलाश में पुलिस और नगर सेना की टीम ने काफी मशक्कत की, लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन झाड़ियों में शव मिलने के बाद तलाश अभियान खत्म किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Live Cricket Info

