CG News :शराब के नशे में ग्रामीण युवक ने साँप को गले में लपेटा,साँप नें डसा,तबीयत बिगड़ी,अस्पताल से फरार,वीडियो वायरल।

GPM -गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव से एक हैरान कर देने वाला और बेहद खतरनाक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां शराब के नशे में एक ग्रामीण ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक जहरीले फन वाले सांप के साथ खिलवाड़ किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भदौरा में एक पड़ोसी के घर में जहरीला फन वाला सांप घुस गया था। घर में सांप देखकर हड़कंप मच गया। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला संतराम भैना जो कि शराब के नशे में धुत था, सांप को पकड़ने के लिए पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतराम ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के नंगे हाथों से फन वाले जहरीले सांप को पकड़ लिया। इतना ही नहीं, उसने नशे में उस जहरीले सांप को अपने गले में माला की तरह लपेट लिया और गांव की गलियों में काफी देर तक घूमता रहा। ग्रामीणों ने उसे इस खतरनाक हरकत से रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन नशे में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
कई बार डसा, फिर बिगड़ी हालत –
इसी दौरान आक्रामक हुए जहरीले सांप ने संतराम को कई बार डस लिया। शुरू में तो उसे कुछ असर नहीं दिखा और वह सांप को गले में डाले घूमता रहा, लेकिन कुछ देर बाद जहर का असर होने लगा और उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोशी की हालत में आ गया।
स्थिति को बिगड़ता देख आसपास मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल से मौका पाकर फरार, अब लापता –
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज शुरू किया जाना था, लेकिन इसी बीच मौका पाकर संतराम भैना अस्पताल से भाग निकला।
तब से लेकर अब तक संतराम भैना का कोई पता नहीं चल पाया है। जहर के असर के कारण उसकी जान को खतरा बना हुआ है। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
इधर, सांप को गले में डालकर बेखौफ घूमते संतराम का यह वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर हर कोई हैरान है।
ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद खतरनाक और लापरवाही भरा बताया है। वहीं सर्प विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में जहरीले सांप अक्सर घरों में घुस जाते हैं। ऐसे में बिना प्रशिक्षण के सांप को पकड़ना और उसके साथ खिलवाड़ करना जानलेवा हो सकता है। जहरीले सांप के काटने के बाद तत्काल चिकित्सकीय उपचार जरूरी होता है, झाड़-फूंक या लापरवाही में समय गंवाने से व्यक्ति की जान भी जा सकती है।
फिलहाल यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।

Live Cricket Info


