CG News:- मंदिर परिसर में भाजपा के दो पदाधिकारी भिड़े! चोरी के विवाद से जमकर मचाया बवाल, दोनों पक्ष थाने पहुंचे ; VIDEO वायरल

CG News:- चोरी के पुराने विवाद ने रतनपुर के महामाया मंदिर गेट पर भाजपा से जुड़े दो पक्षों को आमने–सामने ला दिया। दोनों पक्षों ने मारपीट, गाली–गलौज और धमकी के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। बताया जा रहा है कि भाजपा महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री भी इस वीडियो को वायरल कर रही हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ मारपीट पर नहीं, बल्कि पार्टी के ही पदाधिकारी द्वारा विवादित वीडियो को वायरल किए जाने पर भी उठ रहे हैं— आखिर संगठन के अनुशासन और जिम्मेदारी की तस्वीर क्या है? अब मामला सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं है, वीडियो के वायरल होने के बाद पार्टी के अंदर की खींचतान भी चर्चा में है।
बिलासपुर। रतनपुर के मां महामाया मंदिर गेट के पास शनिवार दोपहर चोरी के पुराने विवाद ने अचानक ऐसा रंग लिया कि भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने–सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर गाली–गलौज और देखते ही देखते मारपीट के आरोप लगने लगे। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक–दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। मामला इसलिए भी गरम है क्योंकि विवाद में शामिल बताए जा रहे लोग भाजपा से जुड़े पदाधिकारी हैं। अब इसी घटना का वीडियो पार्टी के ग्रुपों से लेकर दूसरे सोशल मीडिया ग्रुपों तक तेजी से वायरल हो रहा है।
चोरी की बात पर शुरू हुई कहासुनी
शिकायत के मुताबिक मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल (34) प्रसाद और होटल का संचालन करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हुआ था, जिसकी सूचना थाने में दी गई थी। शनिवार को महामाया मंदिर गेट के पास तुषार को दुकान में काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखा। तुषार ने उसके बारे में मोन्टी से पूछताछ की। आरोप है कि चोरी की बात को लेकर ही कहासुनी शुरू हो गई।
इसके बाद मोन्टी ने रेहाना बेगम को फोन कर मौके पर बुलाया। तुषार का आरोप है कि करीब 2:30 बजे रेहाना वहां पहुंचीं और गाली–गलौज शुरू कर दी। इसके बाद रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रिहान, शेरू और मोन्टी ने मिलकर हाथ–मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

बीच–बचाव भी बेअसर, परिजन भी आए चपेट में
तुषार की शिकायत के अनुसार विवाद शांत कराने पहुंचीं उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान भी मारपीट की चपेट में आ गए। शिकायत में तुषार ने मुंह, पीठ, दाहिने हाथ की अंगुली और पैर में चोट लगने तथा शर्ट फटने की बात कही है।
दूसरी तरफ से भी पलटवार, रेहाना ने दर्ज कराई शिकायत
उधर, भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मंडल मंत्री रेहाना बेगम (35) ने भी पुलिस को शिकायत दी है। रेहाना के मुताबिक वह महामाया मंदिर में फूल बेचने का काम करती हैं। उनका कहना है कि मोन्टी धीवर ने फोन कर बताया कि राजा पटेल विवाद कर रहे हैं। इसके बाद वह करीब 2:30 बजे दुकान पर पहुंचीं।
रेहाना का आरोप है कि वहां राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने गाली–गलौज करते हुए उनके बाल पकड़कर मारपीट की। राजू शर्मा पर हाथ मरोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। रेहाना के मुताबिक बीच–बचाव करने पहुंचे मोन्टी और करिया के साथ भी मारपीट की गई।
दोनों पक्ष थाने पहुंचे, पुलिस के सामने अब दो कहानी
दोनों पक्षों ने एक–दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल दोनों शिकायतों में आरोप आमने–सामने हैं। विवाद की शुरुआत किसने की और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा।
सार्वजनिक जगह पर भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के बीच हुई इस भिड़ंत की चर्चा अब रतनपुर के राजनीतिक हलकों में भी है। मामला थाने तक पहुंचा तो सोशल मीडिया ने इसे और बड़ा बना दिया। वायरल वीडियो को लेकर पार्टी से जुड़े ग्रुपों में भी खूब चर्चा हो रही है।
पार्टी के ग्रुपों से लेकर सोशल मीडिया तक वीडियो वायरल





इधर, घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी से जुड़े ग्रुपों के साथ–साथ अन्य ग्रुपों में भी इसे शेयर किया जा रहा है। पार्टी के पदाधिकारी भी वीडियो को अपने–अपने ग्रुपों में वायरल कर रहे हैं। इनमें भाजपा महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री द्वारा वीडियो वायरल किए जाने की बात भी सामने आ रही है। वीडियो में विवाद और मारपीट के दृश्य नजर आने का दावा किया जा रहा है।
अब सवाल यह है कि पार्टी के पदाधिकारियों के बीच सार्वजनिक जगह पर विवाद और मारपीट की नौबत क्यों आई? और जब मामला पुलिस तक पहुंच चुका है, तो पार्टी के ही पदाधिकारी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर क्यों वायरल कर रहे हैं? क्या संगठन इस पूरे विवाद को गंभीरता से लेकर कोई कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी समय के साथ ठंडा पड़ जाएगा? यह तो आने वाले समय में पता चल सकेगा।
Live Cricket Info

